निकाय चुनाव आवेदनकर्ताओं से बोले सीएम भजनलाल, 'पार्टी कार्यकर्ता के योगदान को नहीं भूलती'
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि अपने काम और विकास से विपक्ष की नकारात्मकता का जवाब दें.

Published : August 30, 2026 at 7:54 PM IST
जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नगर निकाय के चुनाव को लेकर रविवार को आवेदनकर्ताओं के साथ वीसी के माध्यम से बैठक की. इस दौरान उन्होंने कहा कि यह स्थानीय निकाय चुनाव बीजेपी की विचारधारा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और राजस्थान को विकसित एवं समृद्ध प्रदेश बनाने के हमारे संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है. उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय लोकतंत्र की सबसे पहली सीढ़ी है. इन चुनावों में हमारी सबसे बड़ी ताकत कार्यकर्ता और जनता के साथ हमारा आत्मीय संबंध है. उन्होंने कहा कि भाजपा में व्यक्ति से बड़ा संगठन है, संगठन से बड़ा विचार है और विचार से बड़ा राष्ट्र है तथा पार्टी कार्यकर्ता के परिश्रम को देखती है. समर्पण को पहचानती है और उसके योगदान को कभी भूलती नहीं है.
राजनीति और विकास में महिलाओं की भूमिका: मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की राजनीति और विकास में महिलाओं की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है. हमारी सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. आज हमारी बहनें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ रही हैं, लखपति दीदी बन रही हैं और परिवार के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही हैं.

पढ़ें: निकाय चुनाव 2026 : योजनाओं के दम पर वोटर्स को साधेगी भाजपा, प्रचार के लिए जयपुर से निकले रथ
'कार्यकर्ता सरकार के काम को घर-घर पहुंचाएं': उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार के काम को घर-घर पहुंचाएं और जनता के बीच काम का हिसाब और विकास का संदेश दें. पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, किसान कल्याण सहित हर क्षेत्र में हमारी सरकार ने काम किया है. इसलिए कार्यकर्ता अपने-अपने वार्ड में बूथ स्तर तक मजबूत जनसंपर्क अभियान चलाएं. उन्होंने कहा, कार्यकर्ता सरकार के कार्यों और योजनाओं को सोशल मीडिया के जरिये जन-जन तक पहुंचाएं. फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, वाट्सएप और दूसरे डिजिटल माध्यमों का उपयोग जनसेवा और जनसंवाद के लिए करें. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को विपक्ष की नकारात्मकता का जवाब अपने काम और अपने विचार से देना है.
'समन्वय से मिली प्रदेश को नई गति': मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में केंद्र की योजनाओं और राज्य सरकार की नीतियों के बीच बेहतर समन्वय से विकास को नई गति मिली है. हमारा प्रयास है कि राजस्थान केवल देश के अग्रणी राज्यों में शामिल न हो, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएं. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व हमारा मार्गदर्शन है. हमारा संगठन हमारी ताकत है, हमारा कार्यकर्ता हमारी शक्ति है और हमारी मातृशक्ति हमारी प्रेरणा है. हम सब मिलकर संकल्प लें कि संगठन को मजबूत करेंगे और कमल के फूल को विजयी बनाएंगे.

