ETV Bharat / state

बीजेपी विधायक दल की बैठक में अनुपस्थित विधायकों पर नाराज हुए भजनलाल शर्मा, मंत्रियों को दिए सख्त निर्देश

बीजेपी विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को स्पष्ट संदेश दिया कि वे सदन में आक्रामक और आत्मविश्वासपूर्ण रुख अपनाएं.

CM addressing the meeting
बैठक को संबोधित करते सीएम (Courtesy - CMO)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 24, 2026 at 3:26 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: बजट सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले मंगलवार को विधानसभा के 'हां पक्ष' लॉबी में बीजेपी विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री और सदन के नेता भजनलाल शर्मा ने की. बैठक में अब तक के सत्र के दौरान मंत्रियों के प्रदर्शन, प्रश्नों के जवाब में तैयारी की स्थिति और विपक्ष के हमलों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में विधायकों की अनुपस्थिति और सदन में आधी–अधूरी तैयारी के साथ जवाब देने वाले मंत्रियों पर सीएम भजनलाल ने नाराजगी जताई. सीएम ने कहा कि सरकार ने दो साल में हर विभाग के काम किया है. कांग्रेस अंतर्कलह से गुजर रही है. ऐसे में सब मजबूती से सदन में पक्ष रखो.

अनुपस्थित विधायकों को लगाई फटकार: बैठक में मुख्यमंत्री ने विधायक दल के कुछ सदस्यों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई. उन्होंने स्पष्ट कहा कि बजट सत्र सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है और इस दौरान सभी विधायकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. नियमित रूप से सदन में उपस्थित रहने वाले विधायकों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके लिए तालियां भी बजवाईं. इनमें श्री चंद कृपलानी, जोगेश्वर गर्ग, सुभाष मील, संजीव बेनीवाल, कल्पना राजे और अर्जुन लाल जीनगर के नाम शामिल रहे.

CM gave instructions to the ministers
सीएम ने मंत्रियों को दिए निर्देश (courtesy - CMO)

पढ़ें: विधानसभा बजट सत्र: सवालों में फिर घिरे सरकार के मंत्री, पक्ष-विपक्ष में तीखी नोकझोंक

मंत्रियों को आक्रामक रुख अपनाने की सलाह: मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को स्पष्ट संदेश दिया कि वे सदन में आक्रामक और आत्मविश्वासपूर्ण रुख अपनाएं. उन्होंने कहा कि सरकार ने हर विभाग में शानदार काम किए हैं और इन उपलब्धियों को मजबूती से सदन में रखा जाना चाहिए. उन्होंने माना कि पिछले कुछ दिनों में प्रश्नकाल के दौरान कुछ मंत्री अधूरी तैयारी के साथ सदन में पहुंचे, जिससे विपक्ष को हावी होने का मौका मिला और सरकार की किरकिरी हुई. सीएम ने कहा कि प्रश्नों के जवाब तथ्यों और आंकड़ों के साथ दिए जाएं. समन्वय की कमी दूर करने और विभागीय तैयारी को मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए. उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष लगातार मुद्दों को उछालकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है, ऐसे में मंत्रियों और विधायकों को एकजुट होकर प्रभावी जवाब देना होगा.

पढ़ें: '2 साल में 73% वादे पूरे': सीएम ने गिनाई उपलब्धियां, कांग्रेस ने किया हंगामा, सदन से वॉकआउट

कांग्रेस पर साधा निशाना: मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस इस समय अंतर्कलह से गुजर रही है और प्रदेश की राजनीतिक फिजा भाजपा सरकार के पक्ष में है. उन्होंने दावा किया कि राज्य में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और जनता सरकार के काम से संतुष्ट है. मुख्यमंत्री ने विधायक दल से अपेक्षा जताई कि सभी सदस्य सदन में नियमित उपस्थिति दर्ज कराएं. मुद्दों की तैयारी के साथ आएं और सरकार की उपलब्धियों को मजबूती से प्रस्तुत करें. बैठक में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि बजट सत्र के दौरान किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.