Holi 2026 : सीएम ने सांगानेर में खेली होली, कार्यकर्ताओं को बताया अपनी ताकत, विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में महिलाओं और बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर का टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है.

Published : March 2, 2026 at 7:01 PM IST
जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने होली पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में होली मिलन समारोह में आम जनता के साथ त्योहार मनाया. स्नेह, सद्भाव और आत्मीय मिलन के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभिन्न समितियों के अध्यक्ष व पदाधिकारी मौजूद रहे. इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात की और उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं.
उन्होंने अधिकारियों के साथ राज्य के विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं को लेकर भी चर्चा की. इसके बाद वे सांगानेर विधानसभा क्षेत्र पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन है, उनके पास सरकार के खिलाफ कुछ नहीं है, इसलिए वे झूठे और अनर्गल आरोप लगा रहे हैं.

कार्यकर्ता मेरी ताकत : कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सांगानेर विधानसभा के कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और समर्पण ही उनकी असली ताकत है. उन्होंने कहा- सांगानेर विधानसभा के कार्यकर्ताओं की वजह से मुझे ताकत मिल रही है. मैंने कल कहा और आज ही तैयारी कर दी.? उन्होंने कार्यकर्ताओं की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि यदि सांगानेर के कार्यकर्ताओं को 5 से 10 घंटे पहले भी सूचना दी जाए तो वे पूरी तैयारी के साथ कार्यक्रम को सफल बना देते हैं.
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि अजमेर से महिलाओं और बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर का टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है, जो महिला स्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है.

पढ़ें: फाग और ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमे डिप्टी सीएम बैरवा व मंत्री बेढम, बृज नगर में उमड़ा जनसैलाब
विपक्ष के पास मुद्दे नहीं : विधानसभा सत्र का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विधानसभा चल रही है, लेकिन कुछ लोगों के पास मुद्दों की कमी है. उन्होंने इशारों-इशारों में विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार विकास और जनहित के कार्यों में जुटी है, जबकि विरोधी केवल राजनीति करने में लगे हैं. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सांगानेर क्षेत्र के विकास कार्यों और बजट में की गई घोषणाओं की जानकारी भी साझा की. उन्होंने स्थानीय लोगों से सरकार के कामकाज को लेकर फीडबैक लिया और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी.
कुल्हड़ में ली चाय : कार्यक्रम से लौटते समय मुख्यमंत्री ने एक बार फिर अपनी सादगी का परिचय दिया. वे रास्ते में एक चाय की ठेली पर रुके और कुल्हड़ में चाय पीते हुए स्थानीय लोगों से चर्चा की. इस दौरान उन्होंने आमजन से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली. मुख्यमंत्री का यह सहज और आत्मीय व्यवहार वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.

