ETV Bharat / state

चंबा में बादल फटने से तबाही, लोहे का पुल बहा, रास्ते में फंसे श्रद्धालुओं को किया गया रेस्क्यू

बादल फटने के बाद रास्ता बंद होने के कारण खुंडी वाली भगवती के दर्शन करने गए कई श्रद्धालु बीच रास्ते में फंस गए थे.

CLOUDBURST IN CHAMBA
चंबा में बादल फटने से भारी नुकसान (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 17, 2026 at 8:50 PM IST

|

Updated : August 17, 2026 at 9:00 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है. धरवाला उपतहसील की खुंदेल पंचायत के अप्पर एरिया एहलमी के समीप 84 चली में रविवार देर रात बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई. तेज बहाव में लोगों की आवाजाही के लिए चली खड्ड पर बनाया गया लोहे का पक्का पुल भी बह गया. इसके साथ ही पैदल रास्ते और करीब 10 छोटी पुलियां भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं. मौजूदा हालात ऐसे हैं कि क्षेत्र में आने जाने का रास्ता तक नहीं बचा है. यह इलाका चंबा के दुर्गम क्षेत्रों में आता है. यहां कई बार मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं रहता. इसी वजह से रविवार देर रात हुई बादल फटने की घटना की सूचना प्रशासन तक सोमवार को पहुंची. सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने नुकसान का जायजा लेने के लिए राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया है.

खुंदेल पंचायत के प्रधान लतीफ ने बताया कि बादल फटने के बाद 84 चली में काफी नुकसान हुआ है. लोगों की आवाजाही के लिए बनाए गए सभी प्रमुख रास्ते बंद हो गए हैं. लोहे की पक्की पुलिया समेत करीब 10 छोटी पुलियां भी खड्ड में आई बाढ़ में बह गईं. इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द वैकल्पिक रास्ता तैयार करने की मांग उठाई है.

चंबा में बादल फटने से तबाही (ETV BHARAT)

रास्ते में फंस गए थे कई श्रद्धालु

बादल फटने से रास्ता बंद होने के कारण मां खुंडी वाली भगवती के दर्शन के लिए जा रहे करीब 50 श्रद्धालु भी बीच रास्ते में फंस गए थे. स्थानीय लोगों ने नाले पर लकड़ी की अस्थायी पुलियां तैयार कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया. इन दिनों खुंडी वाली भगवती के यहां जन्माष्टमी से राधा अष्टमी तक मेला आयोजित किया जाता है. ऐसे में रास्ते टूटने से श्रद्धालुओं की आवाजाही भी प्रभावित हुई है. स्थानीय लोगों और प्रतिनिधियों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर वैकल्पिक रास्ता बनाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते पूरी तरह बंद होने से लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो गई है. मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के सामने भी परेशानी खड़ी हो गई है.

CLOUDBURST IN CHAMBA
रास्ते में फंस गए थे कई श्रद्धालु (ETV BHARAT)

उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि बादल फटने की सूचना मिलते ही नुकसान का जायजा लेने के लिए राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है. प्रभावित लोगों की मदद के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि अवरुद्ध रास्तों को बहाल करने और वैकल्पिक व्यवस्था के लिए संभावनाएं तलाशने का काम किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर क्यों किया चक्का जाम? ढाई घंटे तक ठप रहा यातायात

ये भी पढ़ें: कब तक असुरक्षित रोपवे ट्रॉली पर टिकी रहेगी फलाचन घाटी की जिंदगी? झूला बना हादसों का रास्ता

Last Updated : August 17, 2026 at 9:00 PM IST