ETV Bharat / state

हरमू नदी सफाई अभियान दूसरे दिन भी जारी, जेसीबी-ट्रैक्टर से गाद हटाने का काम तेज, अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के संकेत

रांची नगर निगम द्वारा हरमू नदी का सफाई अभियान जारी है. हालांकि, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आगे भी कार्रवाई जारी रखने की अपील की.

cleaning campaign of Harmu river
हरमू नदी सफाई अभियान (ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : January 4, 2026 at 1:28 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: हरमू नदी को गंदगी से मुक्त कर उसके अस्तित्व को बचाने की दिशा में रांची नगर निगम का विशेष सफाई अभियान दूसरे दिन भी सख्ती के साथ जारी रहा. नगर निगम की टीम ने जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से नदी में जमी गाद, प्लास्टिक कचरा और अन्य अपशिष्ट हटाने का काम तेज कर दिया है. प्रशासन का कहना है कि यह अभियान लगातार कई दिनों तक चलेगा और इसे किसी भी हाल में बीच में नहीं रोका जाएगा.

सफाई कार्य के साथ-साथ मुक्तिधाम पुल के दोनों ओर जाली लगाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है. इसका उद्देश्य यह है कि लोग सीधे नदी में कचरा न फेंक सकें और नदी को दोबारा गंदा होने से बचाया जा सके. इसके अलावा नदी किनारे चेतावनी और जागरूकता से जुड़े नोटिस बोर्ड भी लगाए जाएंगे, जिनमें कचरा फेंकने पर जुर्माने और कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी.

जानकारी देते संवाददाता चंदन भट्टाचार्य (ईटीवी भारत)

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सफाई के बाद भी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी. इसके लिए निगम की अलग टीम बनाई जा रही है, जो समय-समय पर निरीक्षण करेगी और दोबारा गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी. आने वाले दिनों में नदी किनारे पौधारोपण और ब्यूटीफिकेशन का कार्य भी शुरू किया जाएगा, ताकि हरमू नदी के आसपास हरियाली बढ़े और क्षेत्र का सौंदर्यीकरण हो सके.

cleaning campaign of Harmu river
हरमू नदी सफाई अभियान (ईटीवी भारत)

नगर आयुक्त ने बताया कि यह पूरा अभियान झारखंड हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि रांची शहर के तमाम जलाशयों और नदियों में सफाई अभियान युद्ध स्तर पर चल रहा है. हरमू नदी के विभिन्न क्षेत्रों को पहले ही चिन्हित कर लिया गया है और एक-एक कर सभी इलाकों में साफ-सफाई की जाएगी. निगम का एक्शन प्लान है कि चरणबद्ध तरीके से शहर के सभी जलाशयों के आसपास व्यापक सफाई अभियान चलाया जाए.

इस दौरान हरमू नदी की चिन्हित जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी. नगर निगम की टीम ने ऐसे कई स्थानों को चिह्नित किया है, जहां अवैध निर्माण और कब्जे के कारण नदी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो रहा है. अधिकारियों का कहना है कि जब तक अतिक्रमण नहीं हटेगा, तब तक नदी को पूरी तरह से साफ और संरक्षित करना संभव नहीं है.

cleaning campaign of Harmu river
हरमू नदी सफाई अभियान (ईटीवी भारत)

वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों का मानना है कि हरमू नदी की स्थिति वर्षों से खराब बनी हुई है. लोगों का कहना है कि पहले भी कई बार टेंडर निकाले गए और सफाई अभियान चले, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाया. स्थानीय निवासियों के अनुसार अब हरमू नदी नदी नहीं, बल्कि एक नाले का रूप ले चुकी है, क्योंकि आसपास के कई इलाकों के नालों को सीधे इसमें जोड़ दिया गया है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि सबसे पहले उन नालों को बंद करना जरूरी है, जो सीधे हरमू नदी में गिर रहे हैं. जब तक गंदे पानी का प्रवाह बंद नहीं होगा, तब तक सफाई अभियान का अपेक्षित परिणाम नहीं मिलेगा. साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से भी जिम्मेदारी निभाने की अपील की है. लोगों का कहना है कि कई लोग आज भी नदी में कचरा फेंक देते हैं, जबकि उसे डस्टबिन में डालना चाहिए.

cleaning campaign of Harmu river
हरमू नदी सफाई अभियान (ईटीवी भारत)

स्थानीय निवासियों का यह भी कहना है कि रांची नगर निगम को केवल टेंडर निकालने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों पर ठोस और लगातार कार्रवाई करनी होगी. लोगों को उम्मीद है कि यदि प्रशासन सख्ती दिखाए और जनता भी सहयोग करे, तो हरमू नदी को दोबारा स्वच्छ और जीवंत बनाया जा सकता है.

यह भी पढ़ें:

हरमू नदी की बदहाली पर नगर निगम का बड़ा एक्शन, 150 सफाईकर्मी और भारी मशीनों से विशेष अभियान शुरू

रिम्स के बाद हरमू नदी, बड़ा तालाब और डैम होंगे अतिक्रमण मुक्त! हाईकोर्ट का आदेश- दो हफ्ते में करें पूरा

स्वर्ण रेखा और हरमू नदी को बचाने की मुहिम, सैकड़ों स्कूली छात्रों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेजा पोस्टकार्ड