रांची में शीतलहर का असर: 9 और 10 जनवरी तक सभी स्कूलों की कक्षाएं स्थगित
राजधानी शीतलहर की चपेट में है. इसको लेकर जिला के सभी स्कूल आगामी दो दिन तक बंद रहेंगे.

Published : January 8, 2026 at 7:22 PM IST
रांचीः जिला में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र झारखंड, रांची द्वारा जारी विशेष बुलेटिन में अगले कुछ दिनों तक भारी ठंड और शीतलहर की चेतावनी दी गई है.
इसी के मद्देनजर सभी सरकारी, गैर सरकारी, सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी विद्यालयों में केजी से लेकर 12वीं कक्षा तक की नियमित पठन-पाठन गतिविधियां 9 जनवरी 2026 (शुक्रवार) से 10 जनवरी 2026 (शनिवार) तक पूर्ण रूप से स्थगित रहेंगी.
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है. आदेश के अनुसार रांची जिला अंतर्गत संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी, सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक तथा निजी विद्यालयों में केजी से लेकर 12वीं कक्षा तक की नियमित पठन-पाठन गतिविधियां 9 जनवरी 2026 (शुक्रवार) से 10 जनवरी 2026 (शनिवार) तक पूर्ण रूप से स्थगित रहेंगी.
प्रशासन का यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि कड़ाके की ठंड के कारण किसी प्रकार की असुविधा या स्वास्थ्य जोखिम से बचा जा सके. हालांकि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि उक्त अवधि के दौरान किसी विद्यालय में पूर्व निर्धारित परीक्षा आयोजित है, तो परीक्षा का संचालन विद्यालय प्रबंधन अपने विवेकानुसार कर सकते हैं.
इसके अलावा 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए विशेष परिस्थितियों को देखते हुए विद्यालय अपने स्तर पर कक्षाओं के संचालन को लेकर निर्णय ले सकते हैं. जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि वे इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करें. सभी स्कूलों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कक्षाएं स्थगित रहने के दौरान छात्रों को विद्यालय आने के लिए बाध्य न किया जाए.
वहीं सरकारी एवं गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मियों को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं. आदेश के अनुसार सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी अपने विद्यालय में निर्धारित समय पर उपस्थित रहेंगे और ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे. इस दौरान वे विद्यालय से जुड़े गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे.
इस आदेश की प्रतिलिपि जिले के सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, अवर विद्यालय निरीक्षक, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, सभी कोटि के विद्यालयों के प्राचार्य, प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक सहित संबंधित अधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है. साथ ही क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल, रांची तथा स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई है. जिला प्रशासन ने मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने की बात कही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी आवश्यक निर्णय लेने का संकेत दिया है.
इसे भी पढ़ें- झारखंड में सर्दी का सितम जारी, शीतलहर को लेकर 6 से 8 जनवरी तक बंद रहेंगे सभी स्कूल
इसे भी पढ़ें- ठंड है प्रचंड-स्कूल रहेंगे बंद! रांची जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश
इसे भी पढ़ें- झारखंड में प्राथमिक शिक्षा की जमीनी हकीकत: मूलभूत सुविधाओं की कमी, शिक्षक संकट और ड्रॉपआउट की चुनौती

