फरीदाबाद के स्कूल में टीचर का टॉर्चर, बंक मारने पर डंडे से की स्टूडेंट की पिटाई, DEO ने दिए जांच के आदेश
हरियाणा के फरीदाबाद के सरकारी स्कूल में एक टीचर ने छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

Published : December 17, 2025 at 6:22 PM IST
|Updated : December 17, 2025 at 8:50 PM IST
फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद के गांव सारन स्थित सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा के छात्र की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो में एक शिक्षक छात्र के पैरों के तलवों पर डंडे मारता दिखाई दे रहा है. बताया जा रहा है कि छात्र के स्कूल बंक करने पर टीचर ने इस तरह बेरहमी से उसकी पिटाई की है. घटना के बाद छात्र दहशत में है और स्कूल नहीं जा रहे हैं.
टीचर ने की पिटाई : वहीं सारण थाना पुलिस के जांच अधिकारी ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि वीडियो हमने सोशल मीडिया के माध्यम से देखी थी और पता किया तो स्कूल हमारे थाने के अंतर्गत सारण का एक स्कूल है. वीडियो में एक मैथ का टीचर दो बच्चों को पीटते हुए नज़र आ रहा है. इस मामले को लेकर हमने बच्चों की काउंसलिंग भी शुरू कर दी है. पूरे मामले को लेकर टीचर और प्रिंसिपल से भी हमने बात की है. प्रिंसिपल भी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. इसके अलावा हम बच्चे को चाइल्ड वेलफेयर कमीशन के सामने पेश करेंगे. वहां पर उसका बयान दर्ज करवाएंगे. इसके अलावा हमने बच्चों के पेरेंट्स से भी बात की है. हालांकि पैरेंट्स ने हमें अभी कुछ नहीं बताया है और जो भी मामले में उचित कार्रवाई होगी, वो कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
जांच के आदेश दिए गए : वहीं छात्र के पिता ने बताया कि मुझे थाने में बुलाया गया है और थाने के माध्यम से मुझे पता लगा कि मेरे बेटे को पीटा गया है. बेटे ने घर में कुछ भी नहीं बताया था. थाने में आकर ही मुझे पूरे मामले के बारे में जानकारी मिली है. इस तरह से बच्चों को पीटना गलत है. गलती करने पर बच्चों को समझाने के और भी कई तरीके होते हैं लेकिन जिस तरह से टीचर ने बेरहमी से छात्र को पीटा, वो बिलकुल गलत है. वहीं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अंशु सिंगला ने कहा है कि जांच के आदेश दिए गए हैं और दोषी पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें - रिटायरमेंट पर "किस्मत" की धूमधाम से करवाई शादी, करनाल के टीचर ने पेश की अनोखी मिसाल
ये भी पढ़ें - हिसार में युवती ने रिटायर्ड लेडी टीचर को चाकू से गोदा, हमले के बाद घर जाकर कपड़े बदलकर आई
ये भी पढ़ें - रेवाड़ी के सरकारी स्कूल में टीचर ने छात्राओं से की छेड़छाड़, कमरे में लाइट बंद करके की गंदी हरकत

