ETV Bharat / state

12वीं संस्कृत साहित्य परीक्षा: परीक्षार्थी की उत्तरपुस्तिका में उत्तर लिखते सीसीटीवी में कैद हुई महिला वीक्षक, निलंबित

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में एक छात्रा मोबाइल फोन के साथ पकड़ी गई है.

Rajasthan Board of Secondary Education
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (ETV Bharat Ajmer)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 20, 2026 at 4:04 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

अजमेर: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं जारी हैं. परीक्षा के दौरान नकल करने के तीन प्रकरण बोर्ड के पास आ चुके हैं. हाल ही में 18 फरवरी को 12वीं की संस्कृत साहित्य की परीक्षा में महिला वीक्षक को एक परीक्षार्थी को नकल करवाते हुए पकड़ा गया. महिला वीक्षक परीक्षार्थी की उत्तर पुस्तिका में उत्तर लिखते हुए सीसीटीवी में कैद हुई थी. बोर्ड की सूचना पर करौली के जिला शिक्षा अधिकारी ने महिला वीक्षक को निलंबित कर दिया है.

बोर्ड के सचिव गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि करौली के श्री महावीर रास्ते में दिगंबर जैन उच्च माध्यमिक विद्यालय में 18 फरवरी को संस्कृत साहित्य की 12वीं की परीक्षा में परीक्षार्थी की उत्तर पुस्तिका में उत्तर लिखते हुए महिला वीक्षक सीसीटीवी में कैद हुई. बोर्ड ने संवेदनशील परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी लगा रखे हैं. इन सीसीटीवी फुटेज की लाइव तस्वीरें संबंधित जिले के अभय कमांड सेंटर और बोर्ड कार्यालय में बनाये गए कंट्रोल रूम में देखी जा सकती है.

बोर्ड के इंतजामों से लगी नकल पर रोक (ETV Bharat Ajmer)

पढ़ें: बोर्ड परीक्षा में नकल करवाने व सप्लीमेंट्री कॉपी नहीं देने वाला विक्षक निलंबित, विद्यार्थियों ने की थी शिकायत

बोर्ड में एक कार्मिक ने निगरानी करते हुए महिला वीक्षक रविन्द्र कुमारी को परीक्षार्थी की उत्तर पुस्तिका में उत्तर लिखते हुए देखा था. इसकी सूचना तत्काल परीक्षा केंद्र के अधीक्षक को दी गई थी. लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. तब परीक्षा केंद्र के द्वितीय प्रभारी मुकेश को फोन करके सूचना दी गई. बोर्ड ने प्रकरण को गंभीर मानते हुए करौली जिला शिक्षा अधिकारी को प्रकरण के बारे में बताया. करौली के जिला शिक्षा अधिकारी ने महिला वीक्षक रविन्द्र कुमारी को निलंबित कर दिया.

पढ़ें: CBSE Board Exam 2026 : 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आज से शुरू, नकल रोकने के लिए तैनात किए गए थ्री लेयर फ्लाइंग स्क्वॉड

मोबाइल के साथ पकड़ी छात्रा, करौली में डमी कंडिडेट: बोर्ड के सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के पहले दिन बूंदी में एक छात्रा को परीक्षा केंद्र में मोबाइल के साथ पकड़ा गया था. इसी तरह करौली जिले में एक डमी कैंडिडेट को पकड़ा गया था. डूंगरपुर में सखना गांव में स्थित सरकारी स्कूल में भौतिक विज्ञान के शिक्षक महेंद्र बाना की सोशल मीडिया पर 12वीं के फिजिक्स के पेपर को लेकर की गई टिप्पणी को भी बोर्ड ने गंभीरता से लिया है. बोर्ड ने डूंगरपुर जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस देकर संबंधित शिक्षक से जवाब मांगा है.

पढ़ें: CBSE बोर्ड का बड़ा फैसला, 10वीं के लिए पहली बोर्ड परीक्षा अनिवार्य, अनुपस्थित छात्रों पर लागू होंगे सख्त नियम

शिक्षक की ओर से बोर्ड को जवाब मिल चुका है. राठौड़ ने बताया कि शिक्षक के दिए गए जवाब पर विचार कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि सीकर में दो अध्यापिकाओं के लड़ने का वीडियो भी वायरल सोशल मीडिया पर हो रहा था. वीडियो में एक शिक्षिका नकल करवाने को लेकर लड़ रही थी. बीकानेर माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने मामले को गंभीरता से लिया और जिला शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए. इस मामले में भी एक शिक्षिका को निलंबित किया गया.

20 मार्च को आएगा 10वीं का परिणाम: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा इस बार बीते वर्षों की तुलना में जल्दी शुरू हुई है. ऐसे में बोर्ड का प्रयास है कि परिणाम भी जल्द जारी किया जाए. बोर्ड के सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि मूल्यांकन का कार्य शुरू हो चुका है. 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम पहले जारी होगा. 10वीं कक्षा का परिणाम 20 मार्च को जारी कर दिया जाएगा. इसके बाद 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी होगा.