ETV Bharat / state

चरखी दादरी के रानीला गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित सेंटर की 10वीं की परीक्षा रद्द, आउट हुआ था पेपर

सीनियर सेकेंडरी रानीला गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल पर संपन्न 10वीं गणित की परीक्षा को बोर्ड ने रद्द कर दिया है.

10th Exam Cancelled
परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 27, 2026 at 8:51 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित करवाई जा रही सीनियर सेकेंडरी और डीएलएड द्वितीय वर्ष (रि-अपीयर) की परीक्षा में शुक्रवार को प्रदेशभर में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ. राज्य के कुछ परीक्षा केन्द्रों पर अनुचित साधन प्रयोग के 36 मामले दर्ज किए गए. वहीं ड्यूटी में कोताही बरतने पर 4 पर्यवेक्षकों को कार्यभार मुक्त किया गया.

राजनीति विज्ञान की परीक्षा में शामिल हुए 117406 परीक्षार्थी: बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि "आज सीनियर सेकेंडरी की राजनीति विज्ञान की परीक्षा में करीब 1158 परीक्षा केन्द्रों पर 117406 परीक्षार्थी और डीएलएड द्वितीय वर्ष (रि-अपीयर) की परीक्षा में 21 छात्र-अध्यापक शामिल हुए."

परीक्षा केंद्र पर मोबाइल उपयोग पर बोर्ड गंभीरः बोर्ड सचिव श्री मुनीश शर्मा ने केन्द्र अधीक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि "सभी केन्द्र अधीक्षक यह ध्यान दें कि परीक्षा अवधि के दौरान स्टाफ का कोई भी सदस्य परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रोनिक्स उपकरण साथ लेकर न जाए. सभी अपना मोबाइल फोन केन्द्र अधीक्षक के पास जमा करवाएं. साथ ही केन्द्र अधीक्षक इन्हें लॉक में रखवाना सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि यदि किसी केन्द्र पर इस प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित केन्द्र अधीक्षक/संबंधित स्टाफ जवाबदेह होगा. बोर्ड की ओर से नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी."

गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल रानीला सेंटर के परीक्षार्थी दोबारा देंगे गणित की परीक्षाः बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि जिला चरखी दादरी के परीक्षा केन्द्र गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल रानीला-2 पर 26 फरवरी को संचालित हुई दसवीं की गणित परीक्षा को परीक्षा की पवित्रता भंग होने के कारण रद्द कर दिया गया है. इस परीक्षा केन्द्र को 28 फरवरी के बाद संचालित होने वाली दसवीं और बारहवीं की शेष परीक्षाओं के लिए रॉयल इन्टरनेशनल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बौंद कलां-09 (चरखी दादरी) में शिफ्ट कर दिया गया है.

कल 2,87,881 परीक्षार्थी देंगे परीक्षाः उन्होंने बताया कि "28 फरवरी को 1371 परीक्षा केन्द्रों पर संचालित होने वाली सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की हिन्दी और डीएलएड प्रथम वर्ष रि-अपीयर विषय की परीक्षा में 2,87,881 परीक्षार्थी शामिल होगें."

ये भी पढ़ें-चरखी दादरी में हरियाणा 10वीं बोर्ड के गणित का पेपर आउट मामला, 2 छात्र समेत 7 के खिलाफ FIR, 2 पदाधिकारी निलंबित