रांची में पुलिस और स्थानीय के बीच झड़प, ब्राउन शुगर बरामदगी के दौरान हुआ हंगामा
रांची में ब्राउन शुगर जब्त करने के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई. प्रशांत कुमार की रिपोर्ट.

Published : September 3, 2026 at 8:52 AM IST
रांची: हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के निजाम नगर में बुधवार रात ब्राउन शुगर बरामदगी के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई. घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक हंगामा और तनाव की स्थिति बनी रही. हालांकि पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए मामले को संभाल लिया. इस झड़प में एक टाइगर जवान मामूली रूप से घायल हो गया.
क्या है पूरा मामला
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि नशे के तस्करों के खिलाफ कारवाई के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है. टीम में युवा जवानों को शामिल किया गया है. बुधवार की रात पुलिस को हिंदपीढ़ी के निजाम नगर में ब्राउन शुगर की तस्करी की सूचना मिली थी. इसके बाद टीम के पुलिस जवान कार्रवाई करने पहुंचे.
इसी बीच नशे का समान बेचने वाले एक संदिग्ध को हिरासत में लेने का प्रयास किया जा रहा था. पकड़ने के दौरान ही आरोपी ने जवान के पिस्टल को निकलाने का प्रयास किया, जिसका जवान ने जोरदार विरोध किया और आरोपी को अपनी पकड़ में ले लिया. आरोपी ने इस दौरान अपने आप को बेकसूर बताकर शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद आरोपी के परिवार वाले सहित कई लोग मौके पर जुट गए. भीड़ के द्वारा पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की गई, जिसमें वह मामूली रूप से जख्मी हो गया.
दो आरोपी चिन्हित किए गए
झड़प की सूचना मिलते ही एएसपी कोतवाली के साथ हिंदपीढ़ी और कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची थी. अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंच थे. इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को शांत कराया. सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों को चिन्हित किया गया है. जल्द ही दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. इस मामले में एफआईआर भी दर्ज की जा रही है.
ये भी पढ़ें: बरियातू फायरिंग केस में खुलासा, अपराधी लव कुश शर्मा ने दिया था अंजाम, तलाश में रांची पुलिस
शराब पार्टी के बाद फायरिंग, युवक के पेट में लगी गोली, जांच में जुटी पुलिस
रांची में डीएसपी पर एफआईआर, पत्नी के साथ मारपीट और प्रताड़ना का आरोप

