दो गुटों में हिंसक झड़प : लाठी-डंडे और हथियारों से हमला, 5 घायल, एक की हालत गंभीर
नैनवा में पुरानी रंजिश में हिंसक झड़प. तीन आरोपी गिरफ्तार. जानिए पूरा मामला...

Published : June 1, 2026 at 1:41 PM IST
बूंदी: जिले के नैनवा कस्बे के देवपुर चुंगी नाका क्षेत्र में रविवार रात को उस समय अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब मुस्लिम हैला समाज के दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया. देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों तथा अन्य हथियारों से एक-दूसरे पर हमला बोल दिया. सड़क पर हुई इस खूनी भिड़ंत में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे बूंदी रेफर किया गया है.
नैनवा थाना प्रभारी सहदेव सिंह मीणा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई. घटनास्थल पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया. हमले में घायल लोगों के हाथ, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे झड़प की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है.

पुरानी रंजिश में सरे बाजार झगड़े दो पक्ष : दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चली आ रही आपसी रंजिश इस हिंसा की मुख्य वजह बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि पुराना विवाद रविवार देर रात को फिर उभर आया और देखते ही देखते तनाव हिंसक संघर्ष में बदल गया. घटना के बाद क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बन गया, जबकि बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए.
घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट होती दिखाई दे रही है. वायरल हो रहे वीडियो में लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग बचाव और बीच-बचाव का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और अधिक चर्चा पकड़ ली है.
पढ़ें : Kotputli Crime : अवैध खनन के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, फायरिंग में 5 लोगों को लगी गोली
पुलिस ने पहुंच कर किया स्थिति को नियंत्रित : घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सहदेव सिंह मीणा पुलिस जाब्ते के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और हालात को शांत कराया. इसके बाद घायलों को तत्काल नैनवा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया.

गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए बूंदी रेफर किया गया है. पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर घायलों के पर्चा बयान दर्ज किए हैं. इन्हीं बयानों और उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान करने में भी जुटी हुई है.
पुलिस ने दबोचे तीन आरोपी, मामला दर्ज : थाना प्रभारी सहदेव सिंह मीणा ने बताया कि घटना के बाद कस्बे में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं, एक पक्ष की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्ष पुरानी रंजिश के चलते आमने-सामने आए थे. इसके बाद विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से लाठियों और अन्य हथियारों से हमला किया गया. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, तथा वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

