ETV Bharat / state

पुतला दहन के दौरान झड़प: DSP बोले- छात्र मनमानी ढंग से कर रहे थे प्रदर्शन, पुलिस को करना पड़ा हल्का बल प्रयोग

रांची में शुक्रवार को पुतला दहन के दौरान हुई झड़प पर डीएसपी की प्रतिक्रिया सामने आई है. चंदन भट्टाचार्य की रिपोर्ट.

clash-during-effigy-burning-by-jpsc-jssc-reforms-manch-in-ranchi
मौके पर डीएसपी और पुलिस बल तैनात (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 22, 2026 at 11:57 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच की ओर से शुक्रवार को राज्य सरकार के खिलाफ पुतला दहन के दौरान कुछ युवकों द्वारा मंच का पुतला छीनने और फेंकने के प्रयास के बाद विवाद हो गया. दोनों पक्षों के बीच झड़प और धक्का-मुक्की भी हुई. घटना में मंच के सदस्य कुणाल प्रताप सिंह और रविंद्र पासवान दोनों घायल हो गए थे.

झड़प पर डीएसपी की प्रतिक्रिया

इस बीच झड़प पर डीएसपी के. वी रमन की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच को मोरहाबादी से करमटोली होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक जाने की अनुमति दी गई थी. डीएसपी के मुताबिक, मंच के लोग निर्धारित मार्ग से अलग अपनी मर्जी से जेपीएससी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करने लगे. जिससे सड़क पर अलग-अलग जगहों पर हंगामा और उपद्रव की स्थिति बनने लगी.

भाजपा विधायक और डीएसपी का बयान (Etv Bharat)

डीएसपी ने कहा कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. उन्होंने लाठीचार्ज किए जाने की बात का खंडन किया. डीएसपी के अनुसार, मौके पर मंच के कुछ लोग एक युवक की पिटाई कर रहे थे, जिसे पुलिस ने बीच-बचाव कर बचाया. उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य स्थिति को नियंत्रित करना और किसी अप्रिय घटना को रोकना था. इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच भी धक्का-मुक्की की स्थिति बनी. बाद में पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और छात्रों को मौके से हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया. कुछ छात्रों को मौके से हिरासत में लेकर वहां से हटाया गया.

झड़प स्थल के आसपास पुलिस की अतिरिक्त तैनाती

घटना के बाद अल्बर्ट एक्का चौक से लेकर कचहरी चौक और सदर अस्पताल तक गहमागहमी बनी रही. अलग-अलग स्थानों पर छात्रों का जमावड़ा देखने को मिला. सदर अस्पताल के बाहर भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी जुट गए, जिसके बाद पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई. स्टेट लाइब्रेरी, रांची यूनिवर्सिटी और सदर अस्पताल के आसपास भी पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई. घटना के कारण आसपास के इलाकों में आम राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. पुलिस लगातार छात्रों की भीड़ को तितर-बितर करने में जुटी रही. इसी बीच भाजपा विधायक नवीन जायसवाल सदर अस्पताल पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई की निंदा की. उन्होंने छात्रों के साथ हुई कार्रवाई पर सवाल उठाया.

Clashes during effigy burning by JPSC-JSSC Reforms manch in Ranchi
सदर अस्पताल के बाहर पुलिस बल तैनात (ETV BHARAT)

छात्रों में राज्य सरकार पर लगाया आरोप

गौरतलब है कि JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया था कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान सरकार ने छात्रों का पक्ष मजबूती से नहीं रखा. इसके विरोध में मंच ने शुक्रवार को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का ऐलान किया था.

Clashes during effigy burning by JPSC-JSSC Reforms manch in Ranchi
मौके पर डीएसपी और पुलिस बल तैनात (ETV BHARAT)

जानकारी के अनुसार हजारीबाग, गिरिडीह समेत राज्य के अन्य जिला मुख्यालयों में भी पुतला दहन के दौरान विवाद की घटनाएं सामने आई थी. मौके पर एडीएम लॉ एंड ऑर्डर और एसडीएम कुमार रजत भी पहुंचे. स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल को पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया. वहीं रांची के मेन रोड समेत आसपास के प्रमुख इलाकों में भी भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. जहां भी विद्यार्थी समूह में जुटे दिखाई दे रहे थे, पुलिस उन्हें वहां से हटाती नजर आई.

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक के मुताबिक कुणाल और शाहनवाज नाम के दो युवकों का इलाज चल रहा है. दोनों को झड़प के दौरान चोटें आई हैं. अस्पताल में उनकी चिकित्सकीय जांच और उपचार किया जा रहा है. सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल परिसर में भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

ये भी पढ़ें: अल्बर्ट एक्का चौक पर पुतला दहन के दौरान हंगामा, रिफॉर्म्स मंच और JMM कार्यकर्ताओं में झड़प, पुतला छीनने का लगाया आरोप

JPSC-JSSC Protest: राज्य सरकार के खिलाफ स्टूडेंट्स का पुतला दहन, परीक्षाओं को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की मांग

जेपीएससी–जेएसएससी आंदोलन का नौवां दिन, मशाल जुलूस निकालकर छात्रों ने जताया विरोध