पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में तीन घायल, दोनों पक्ष ने दर्ज कराया मामला
मकराना पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर आई शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है.

Published : February 28, 2026 at 4:44 PM IST
डीडवाना-कुचामन : जिले के मकराना क्षेत्र के आदर्श नगर क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि चाकू, सरिया और अन्य हथियारों से हमला कर दिया गया. घटना में एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज की : थाना प्रभारी सुरेश सोनी ने बताया कि एक पक्ष के अताउर्रहमान ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वे अपने परिवार के साथ नमाज अदा कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में अबुलफजल उर्फ पप्पू तेली, सिकंदर, कबीर अहमद, फैसल, इमरान, फिरोज तेली, अरशद चौधरी, आलम कायमखानी सहित 15-20 लोग कथित रूप से चाकू, सरिया और पिस्टल जैसे हथियारों से लैस खड़े थे. उन्होंने उनपर हमला कर दिया. इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है.
पढ़ें. जयपुर में मामूली कहासुनी के बाद युवक की चाकू से हत्या, दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई रिपोर्ट : दूसरे पक्ष की ओर से अबुलफजल ने भी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि वे अपने घर पर बैठे थे, तभी अताउर्रहमान, हनान, मनान, सोहेल सहित अन्य लोग सरिया और लाठी लेकर उनके घर में घुस आए और जान से मारने की नीयत से हमला किया. थाना प्रभारी ने कहा कि दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज कराया है.
अबुलफजल का कहना है कि हमलावर उन्हें जबरन उठाकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन अलीम और रमजान के हस्तक्षेप से वे बच पाए. वहीं, अताउर्रहमान के अनुसार, आरोपियों ने अचानक उनके परिवार पर हमला कर दिया. अबुलफजल ने उनके बेटे हनान पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसके पेट, कंधे और कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं. वहीं, सिकंदर ने बेटे सोहेल पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया, जबकि फैसल ने भतीजे साहिल को भी चोटिल कर दिया. आसपास के लोगों के बीच-बचाव के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.
पुलिस कर रही है मामले की जांच : थाना प्रभारी सुरेश सोनी ने बताया कि मकराना पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से शनिवार को दोपहर बाद आई शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

