कानपुर के हैलट अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट्स और गार्ड्स के बीच झड़प; 6 सस्पेंड
अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक सौरभ अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 10:44 AM IST
कानपुर: LLR अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर शुक्रवार रात करीब 12 बजे नॉन-पीजी जूनियर रेंजिडेंट और सुरक्षा गार्ड्स के बीच झड़प हो गई. जूनियर रेजिडेंट ने सीनियर डॉक्टर पर की गई अभद्र टिप्पणी से आक्रोशित होकर पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड के सुरक्षा गार्ड आकाश की पिटाई कर दी.
गार्ड का आरोप है कि मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आए अन्य कर्मियों की बंदूक की बट तोड़ दी गई. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्रमुख अधीक्षक प्रो. सौरभ अग्रवाल ने मारपीट में शामिल 6 नॉन-पीजी जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर्स को सस्पेंड कर दिया है.
सुरक्षा गार्ड्स के मुताबिक, विवाद तब शुरू हुआ जब डॉक्टर बैरिकेड्स हटाने को कह रहे थे. रोकने पर उन्होंने साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया. गाली-गलौज और हंगामे के बीच करीब 10 मिनट तक स्थिति तनावपूर्ण रही, जिसे एलएलआर चौकी की पुलिस ने शांत कराया.
घटना के बाद सुरक्षा गार्डों ने चौकी और प्रमुख अधीक्षक को लिखित शिकायत दी. दूसरी ओर, रेजिडेंट और सीनियर रेजिडेंट ने कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. रिचा गिरि को बताया कि वह देर रात मरीज देखने इमरजेंसी गए थे, जहां बैरिकेड्स पर तैनात गार्ड ने महिला सीनियर रेजिडेंट पर कमेंट किया था.
अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक सौरभ अग्रवाल ने बताया कि वायरल वीडियो और लिखित शिकायत के आधार पर 6 जूनियर रेजिडेंट के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है. मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है.
इसमें प्रॉक्टर डॉ. यशवंत राव, CMS डॉ. विकास कटियार और EMO डॉ. अनुराग राजौरिया शामिल हैं. जांच टीम ने अपना काम शुरू कर दिया है और रिपोर्ट के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: कानपुर में नामांतरण शुल्क के लिए अब देनी होगी ये फीस, Nagar Nigam का फैसला

