ETV Bharat / state

छात्र संघ चुनाव का दिखने लगा असर, कॉलेज कैंपस में भिड़े ABVP और NSUI के छात्र

छिंदवाड़ा के पीएम श्री पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा में ज्ञापन देने से शुरू हुआ सिलसिला एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के बीच आपसी झड़प में बदला. महेंद्र राय की रिपोर्ट.

Chhindwara NSUI ABVP
एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में झड़प (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : September 1, 2026 at 11:03 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

छिंदवाड़ा: छात्रसंघ चुनाव की तारीख है अभी तय नहीं हुई है लेकिन कॉलेज और यूनिवर्सिटीज में छात्र नेताओं की गतिविधियां दिखाई देने लगी हैं. छिंदवाड़ा के पीएम श्री पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और एनएसयूआई के बीच जमकर झड़प हुई. बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा तब जाकर मामला शांत हुआ. ज्ञापन देने की कार्रवाई से शुरू हुआ सिलसिला आपसी झड़प में बदल गया.

ज्ञापन देने पहुंची थी NSUI, ABVP के विरोध करने पर हो गया विवाद

एनएसयूआई की जिला अध्यक्ष अपेक्षा सूर्यवंशी ने बताया "कॉलेज में शिक्षकों की कमी है. गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति नहीं हो रही है. इसके साथ ही छात्रों की कई समस्याओं को लेकर वे ज्ञापन देने के लिए पीएम श्री पीजी कॉलेज के गेट पर पहुंचे थे. इसी दौरान वहां पर अचानक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता आ पहुंचे और उन्होंने विरोध जताया. बातों-बातों में ही उन्होंने एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट शुरू कर दी. जिसके बाद मौके पर पहुंची. पुलिस ने भी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों का बचाव करते हुए एनएसयूआई की कार्यकर्ताओं से अभद्रता की.

Chhindwara NSUI ABVP
एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में झड़प (ETV Bharat)

कॉलेज बिल्डिंग में ABVP को ऑफिस के लिए दिया कमरा

एनएसयूआई की जिला अध्यक्ष ने कहा, "पीएम श्री कॉलेज बिल्डिंग में ही कॉलेज प्रबंधन ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को ऑफिस खोलने के लिए एक कमरा दिया है जो गैरसंवैधानिक है. हम इसका भी विरोध करते हैं क्योंकि किसी भी छात्र संगठन को कॉलेज के अंदर कमरा देना कॉलेज की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है. इसके साथ ही हम प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं लेकिन ABVP उसका विरोध कर रही है.

पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की हुई झड़प

छात्रों के आपसी विवाद की खबर के बाद एडिशनल एसपी, सीएसपी और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों संगठनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन विवाद बढ़ता ही गया. पुलिस को हल्का बल भी प्रयोग करना पड़ा. वहीं एडिशनल एसपी और सीएसपी के साथ छात्र नेताओं की झड़प भी हुई.

NSUI पर पुलिस और छात्रों से मारपीटकर करने का आरोप

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेताओं ने NSUI के छात्रों पर आरोप लगाया कि ज्ञापन देने के नाम पर उन्होंने पुलिसकर्मियों पर हमला किया. इसके साथ ही कॉलेज में घुसकर कॉलेज के छात्रों के साथ मारपीट की. इसके बाद ABVP के कार्यकर्ता राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय के कुलपति के कक्ष में पहुंचे और वहां पर भी जमीन पर बैठकर कार्रवाई के लिए धरना दिया.