CJI सूर्यकांत का हरियाणा दौरा: बरवाला कोर्ट की रखेंगे आधारशिला, हिसार–हांसी में तैयारियां जोरशोर से
सीजेआई सूर्यकांत 9–10 जनवरी को हिसार दौरे पर रहेंगे. इस दौरान सीजेआई बरवाला कोर्ट की आधारशिला रखेंगे.

Published : January 7, 2026 at 11:19 AM IST
हिसार: भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत 9 और 10 जनवरी को हरियाणा के हिसार जिले के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे विभिन्न न्यायिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे.सीजेआई के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और न्यायिक विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं.
बरवाला कोर्ट परिसर की रखेंगे आधारशिला:10 जनवरी को सीजेआई सूर्यकांत हिसार के बरवाला कोर्ट परिसर में नए न्यायिक भवन की आधारशिला रखेंगे. इस कार्यक्रम में लगभग 80 न्यायाधीशों के शामिल होने की संभावना है. इसके अलावा करीब 200 अधिवक्ताओं के लिए बैठने की व्यवस्था की गई है, जिसके लिए विशेष पंडाल और वाटरप्रूफ टेंट लगाए गए हैं.
हिसार और हांसी में भी न्यायिक कार्यक्रम: सीजेआई 9 जनवरी को हिसार पहुंचेंगे और इसके बाद हांसी न्यायिक परिसर का भी दौरा करेंगे. हांसी में न्यायिक भवन को फूलों और सजावटी लाइटों से सजाया जा रहा है. गेट और पूरे परिसर को आकर्षक रूप दिया जा रहा है ताकि कार्यक्रम भव्य तरीके से संपन्न हो सके.
पैतृक गांव पेटवाड़ में सम्मान समारोह: 10 जनवरी को बरवाला कार्यक्रम के बाद सीजेआई सूर्यकांत अपने पैतृक गांव पेटवाड़ में आयोजित सम्मान समारोह में भी शिरकत करेंगे. इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के आने की भी संभावना जताई जा रही है, जिससे प्रशासन और आयोजकों की तैयारियां और तेज कर दी गई हैं.
हाईकोर्ट जजों और जिला प्रशासन ने किया निरीक्षण: पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के जस्टिस हरसिमरन सेठी, जस्टिस अलका सरीन और जिला एवं सत्र न्यायाधीश अलका मलिक ने तैयारियों का निरीक्षण किया. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. प्रशासनिक भवन का कायाकल्प किया जा रहा है और परिसर में विभिन्न किस्म के पौधे व डिजाइनर गमले लगाए गए हैं.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: सीजेआई के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. कार्यक्रम स्थलों के आसपास पुलिस बल तैनात किया जाएगा. टेंट और पंडाल के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके.
बार एसोसिएशन भी जुटी तैयारियों में: हांसी बार एसोसिएशन के प्रधान पवन ने बताया कि, "न्यायिक भवन को फूलों से सजाया जाएगा." वहीं हिसार बार एसोसिएशन के प्रधान संदीप बूरा ने कहा कि, "सीजेआई सूर्यकांत के आगमन को लेकर तैयारियां की जा रही है. बैठने, पार्किंग और अन्य सुविधाओं की पूरी व्यवस्था की जा रही है. सीजेआई सूर्यकांत के आगमन को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है."

