CJI सूर्यकांत आज पटना हाईकोर्ट की कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास
सीजेआई जस्टिस सूर्य कांत आज पटना आ रहे हैं. वो कई परियोजनाओं का शिलान्यास, ई-एसीआर सॉफ्टवेयर लॉन्च में शामिल होंगे. पढ़ें-

Published : January 2, 2026 at 11:17 AM IST
पटना: भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस सूर्यकांत 2 जनवरी 2026 को दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंच रहे हैं. इस दौरान वे पटना हाईकोर्ट की कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और न्यायिक व्यवस्था को मजबूत बनाने वाले कार्यक्रमों में भाग लेंगे.
हाईकोर्ट परिसर में बड़े प्रोजेक्ट्स की आधारशिला: 3 जनवरी को जस्टिस सूर्य कांत पटना हाईकोर्ट परिसर में एडीआर बिल्डिंग, ऑडिटोरियम, प्रशासनिक ब्लॉक, मल्टी लेवल पार्किंग, आईटी बिल्डिंग, आवासीय परिसर, महाधिवक्ता कार्यालय की एनेक्सी और हॉस्पिटल बिल्डिंग समेत कई योजनाओं की आधारशिला रखेंगे. ये परियोजनाएं कुल 302.56 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 46,675 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाई जा रही हैं.
ई-एसीआर सॉफ्टवेयर का शुभारंभ: इसी दिन पटना हाईकोर्ट की प्रोग्रामर टीम द्वारा विकसित ई-एसीआर सॉफ्टवेयर का लोकार्पण होगा. यह सुरक्षित डिजिटल तकनीक न्यायिक अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) प्रक्रिया को आधुनिक, पारदर्शी और कुशल बनाएगी.
गया गेस्ट हाउस का डिजिटल उद्घाटन: जस्टिस सूर्य कांत गया में जजों के लिए बने गेस्ट हाउस का डिजिटल उद्घाटन करेंगे. साथ ही पटना जिले के पोठही, पुनपुन ब्लॉक में बिहार न्यायिक अकादमी के नए परिसर के लिए भूमि पूजन समारोह में शारीरिक रूप से शामिल होंगे. इस मौके पर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सुधीर सिंह सहित कई न्यायाधीश उपस्थित रहेंगे.
इन योजनाओं से न्याय व्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा: ये सभी परियोजनाएं राज्य सरकार के विधि विभाग की देखरेख में पूरी की जा रही हैं. इनसे न्यायिक दक्षता बढ़ेगी, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और समग्र न्याय व्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
लॉ यूनिवर्सिटी के दीक्षा समारोह में होंगे मुख्य अतिथि: 3 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे मीठापुर स्थित चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के दीक्षा समारोह में जस्टिस सूर्य कांत मुख्य अतिथि के रूप में छात्रों को संबोधित करेंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सुधीर सिंह करेंगे. इस दौर से बिहार की न्यायिक व्यवस्था में नई ऊर्जा का संचार होगा.
ये भी पढ़ें-
जस्टिस संगम कुमार साहू पटना हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश नियुक्त

