ETV Bharat / state

प्रागपुरा नगर पालिका: चुनाव के बीच वार्ड 32 का प्रत्याशी लापता, परिजनों ने दर्ज कराई गुमशुदगी

प्रत्याशी के इस तरह गायब होने से प्रागपुरा के राजनीतिक हलकों में तरह तरह की आशंका भरी चर्चाएं तेज हो गई है.

Civic Polls Candidate Missing
पुलिस थाने के सामने परिजन (ETV Bharat Behror)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : September 2, 2026 at 6:00 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बहरोड़: निकाय चुनाव को लेकर कोटपूतली-बहरोड़ जिले में सियासी सरगर्मी तेज है. इसी बीच प्रागपुरा नगर पालिका के वार्ड 32 से चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी बुद्धाराम गढ़वाल के लापता होने का मामला सामने आया है. प्रत्याशी के अचानक गायब होने से परिजनों में चिंता है. बेटे राहुल चौधरी ने प्रागपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है, पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है. उन्हें आखिरी बार किसी के साथ बाइक पर जाते देखा गया था.

डीएसपी उमेश निठारवाल ने बताया कि बेटे राहुल चौधरी ने शिकायत दी है, बुद्धाराम 1 सितंबर शाम 4 बजे से लापता हैं. कई बार मोबाइल पर संपर्क किया गया, जवाब नहीं मिला, आज गुमशुदगी दर्ज की गई है. पुलिस उपलब्ध जानकारी जुटा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई करेगी. चुनाव के दौरान प्रत्याशी के लापता होने पर प्रशासन-पुलिस सतर्क है, फिलहाल ध्यान सुरक्षित तलाश पर है.

डीएसपी उमेश निठारवाल (ETV Bharat Behror)

पढ़ें: निकाय चुनाव से पहले भाजपा प्रत्याशी रहस्यमय तरीके से लापता, पुलिस तलाश में जुटी

मोबाइल फोन भी है बंद: परिजनों के अनुसार बुद्धाराम को बेटे राहुल ने 1 सितंबर शाम करीब 4 बजे पावटा पुलिया पर छोड़ा था, उसके बाद कोई जानकारी नहीं मिली. काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर मोबाइल पर संपर्क किया गया, लेकिन फोन बंद मिला. परिवार और परिचितों ने अपने स्तर पर कई स्थानों पर तलाश की, सुराग नहीं लगा. लगातार तलाश के बाद जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस से संपर्क कर गुमशुदगी दर्ज कराई और तलाश की मांग की.

बाइक पर देखा था: पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में बुद्धाराम मोटरसाइकिल पर किसी व्यक्ति के साथ जाते दिखे हैं. पुलिस साथ मौजूद व्यक्ति और जाने के रास्ते की जानकारी जुटा रही है, साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा सकते हैं.

यह भी पढ़ें: निकाय चुनाव 2026: क्षेत्रीय दलों की एंट्री से बढ़ी भाजपा-कांग्रेस की टेंशन, 10,245 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबला

राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज: निकाय चुनाव के दौरान प्रत्याशी के लापता होने की घटना को लेकर प्रशासन और पुलिस भी सतर्क है. फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान उसे तलाशने में लगा हुआ है. परिजनों को भी उनके जल्द मिलने की उम्मीद है. हालांकि मामला सामने आने के बाद निकाय चुनाव के बीच राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. वार्ड 32 से प्रत्याशी के लापता होने की खबर तेजी से फैली, हालांकि कारण सामने नहीं आया है.