Civic Polls 2026: अजमेर में कांग्रेस के सभी गुट एक जाजम पर, विधानसभा अध्यक्ष देवनानी को घेरने की कोशिश
कांग्रेस ने जिला कलेक्टर को दिए ज्ञापन में आरोप लगाया कि देवनानी संवैधानिक पद पर रहते हुए प्रचार कर रहे हैं.

Published : August 26, 2026 at 6:17 PM IST
|Updated : August 26, 2026 at 8:32 PM IST
अजमेर: स्थानीय निकायों के चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं. इन दिनों ऐसा ही एक मामला अजमेर में चल रहा है. यहां कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को उनके विधायक क्षेत्र में ही घेरने की कोशिश की है. आरोप है कि भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में देवनानी भाजपा का दुपट्टा पहनकर प्रचार कर रहे हैं, जबकि वे संवैधानिक पद पर हैं और पद की मर्यादा व आचार संहिता की धज्जियां उड़ा रहे हैं. कांग्रेस ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर लोक बंधु से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है.
शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि सभी वरिष्ठ नेताओं ने कलेक्टर को शिकायत दी है कि विधानसभा अध्यक्ष का पद संवैधानिक है और देवनानी इसकी गरिमा को तार-तार कर भाजपा का प्रचार कर रहे हैं. आचार संहिता लग चुकी है, फिर भी वे भाजपा बैठकों में जा रहे हैं. यदि देवनानी पद की गरिमा नहीं संभाल पा रहे तो उन्हें हटा देना चाहिए. बैठकों में उनके साथ सरकारी लवाजमा भी रहता है. आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि सभी वरिष्ठ नेता कलेक्टर को शिकायत करने आए हैं. संवैधानिक पद पर रहते हुए प्रचार कर रहे हैं. यदि पार्टी कार्यकर्ता बनकर प्रचार करना है तो संवैधानिक पद से इस्तीफा दे देना चाहिए. देवनानी अजमेर उत्तर से विधायक हैं, लेकिन उससे बड़ा दायित्व विधानसभा अध्यक्ष का है.
पढ़ें: निकाय और पंचायत चुनाव की मांग लेकर कांग्रेस का ओबीसी विभाग खोलेगा भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा
गुटबाजी झेल रही कांग्रेस एक जाजम पर: अजमेर में कांग्रेस कई वर्षों से गुटबाजी झेल रही है, यही वजह है कि 36 वर्षों से निगम में बोर्ड नहीं बना सकी. हर चुनाव में फोटो में सभी गुट एक साथ नजर आते हैं, धरातल पर जुदा रहकर शह-मात में लग जाते हैं. इस बार भी एक मंच पर फोटो दिखाकर एकजुटता का संदेश दिया जा रहा है. पीसीसी से इसके निर्देश दिए गए हैं. अजमेर प्रभारी चेतन डूडी और सह प्रभारी रूबी खान पर कांग्रेस में जान फूंकने की जिम्मेदारी है. चुनाव आते ही दोनों विधानसभा सीटों पर अलग प्रभारी लगाए गए हैं. उत्तर में रणजीत चंदेलिया और दक्षिण में हेतराम सिंघाटिया पर गुटों को एक करने की जिम्मेदारी है.

भाजपा बेईमानी से सत्ता में आती है: सह प्रभारी रूबी खान ने कहा कि परिवार में मनमुटाव चलता रहता है, लेकिन भाजपा के खिलाफ सभी एकजुट हैं. अजमेर में 36 साल से बोर्ड नहीं बनने पर कहा कि भाजपा ट्रिक और अनैतिक तरीके से सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल करती है, आगे भी गड़बड़ी का डर है. बैलेट से चुनाव करा लीजिए, नतीजे साफ नजर आएंगे. भाजपा बेईमानी से सत्ता में आती है.
मेरी लड़ाई जारी रहेगी: पूर्व शहर अध्यक्ष विजय जैन ने कहा कि चुनाव कांग्रेस एकजुट होकर लड़ेगी, लेकिन उनकी लड़ाई व्यक्ति विशेष से जारी रहेगी. यह बात प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को भी कह दी है. जो कार्यकर्ता लंबे वक्त से सक्रिय हैं, हर गतिविधि और आंदोलन में जुटे हैं, उन्हें टिकट के रूप में पहले सम्मान मिलना चाहिए. इसी बात को लेकर संघर्ष है.

