राखी की भीड़ और भारी वाहनों के दबाव से थमी रांची, कडरू-अरगोड़ा समेत कई इलाकों में लंबा जाम
रक्षा बंधन को लेकर बाजार के कारण रांची में देर शाम ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई नजर आई. चंदन भट्टाचार्य की रिपोर्ट.

Published : August 27, 2026 at 11:00 PM IST
रांचीः राजधानी रांची में गुरुवार को रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में बढ़ी भीड़ और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण ट्रैफिक व्यवस्था चरमराती नजर आई. शाम के समय शहर के प्रमुख मार्गों के साथ कडरू, अरगोड़ा, कोकर, लालपुर और कांटाटोली चौक इलाके में भी वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली. जाम के कारण लोगों को छोटी दूरी तय करने में भी काफी समय लगा.
कडरू मेन रोड और कडरू-अरगोड़ा मार्ग पर शाम के वक्त वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया. मुख्य सड़कों पर जाम लगने के बाद इसका असर आसपास की कनेक्टिंग और लिंक सड़कों पर भी देखने को मिला. कोकर और लालपुर इलाके में भी वाहनों की आवाजाही बढ़ने से कई जगह ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रही। वहीं कांटाटोली चौक पर भी वाहनों का दबाव बढ़ा रहा.

स्थानीय दुकानदारों और लोगों के मुताबिक, रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक भीड़ है. लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं लेकिन पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से भी परेशानी बढ़ रही है. लोगों का कहना है कि संकरी बाजार की सड़कों पर बड़े वाहनों की आवाजाही से जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है.
हालांकि, जाम से निपटने के लिए चौक-चौराहों पर पुलिस प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी. जवान लगातार वाहनों को नियंत्रित करने और यातायात को सुचारू कराने में जुटे रहे लेकिन वाहनों की अधिक संख्या और बाजार में लोगों की भारी भीड़ के कारण कई जगह स्थिति संभालने में परेशानी हुई. मुख्य मार्गों पर दबाव बढ़ने के कारण आसपास की लिंक सड़कों पर भी वाहनों की कतार लगती रही.

कडरू निवासी राजेंद्र कुमार ने बताया कि इलाके में काफी लंबे समय से जाम की स्थिति बनी हुई है. त्योहार को लेकर बाजार में लोगों की भीड़ बढ़ गई है, वहीं वाहनों के दबाव के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है. उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क पर जाम लगने के बाद आसपास की सड़कों पर भी यातायात प्रभावित हो जाता है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था के साथ पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था पर भी ध्यान देने की जरूरत है, ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके.

इसे भी पढ़ें- राखी ने बढ़ाई बाजार की रौनक, 50 पैसे से 2500 तक की राखी है उपलब्ध, इस साल 100 करोड़ के कारोबार होने के आसार
इसे भी पढ़ें- सरकारी स्कूल की नन्हीं बहनों ने बांधी राखी, भावुक हुए रांची के DC मंजूनाथ भजंत्री, बोले- खूब पढ़ो और बड़ा मुकाम हासिल करो
इसे भी पढ़ें- सखी दीदियों का हुनरः बिना ट्रेनिंग के तैयार की हजारों राखी, बाजार को दे रहीं टक्कर

