ETV Bharat / state

हमीरपुर बनेगा आधुनिक सिटी सेंटर, CM सुक्खू ने दी एक और बड़ी सौगात

हमीरपुर को सिटी सेंटर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जहां खरीदारी, मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियां और पार्किंग जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी.

CITY CENTER PROJECT HAMIRPUR
हमीरपुर बनेगा आधुनिक सिटी सेंटर (FACEBOOK@CMSUKHU)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 6, 2026 at 8:13 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने गृह जिले हमीरपुर को लगातार विकास की नई सौगातें दे रहे हैं. जिला मुख्यालय को नगर निगम का दर्जा देने और लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू करवाने के बाद अब मुख्यमंत्री ने हमीरपुर शहर को एक और बड़ी सौगात देने की तैयारी कर ली है. इस नई योजना के तहत शहर में एक भव्य और बहुमंजिला शॉपिंग कांप्लैक्स का निर्माण किया जाएगा, जो भविष्य में हमीरपुर के सिटी सेंटर के रूप में विकसित होगा.

यहां होगा शॉपिंग कांप्लैक्स का निर्माण

निर्माणाधीन नए बस स्टैंड का कार्य पूरा होते ही वर्तमान बस स्टैंड की भूमि का उपयोग बदल दिया जाएगा. पुराने बस स्टैंड की जगह पर एक आधुनिक बहुमंजिला शॉपिंग कांप्लैक्स का निर्माण किया जाएगा. इस कांप्लैक्स में शॉपिंग मॉल, ऑडिटोरियम, आधुनिक सुविधाओं से लैस दुकानें और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था होगी. मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस परियोजना को लेकर विस्तृत योजना तैयार की जा रही है.

योजना के अनुसार सबसे पहले वर्तमान बस स्टैंड की भूमि को शहरी विकास विभाग के हवाले करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. जैसे ही नया बस स्टैंड पूरी तरह से चालू होगा, उसके तुरंत बाद पुराने बस स्टैंड की जगह पर शॉपिंग कांप्लैक्स के निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा. इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य हमीरपुर को एक सुव्यवस्थित, आधुनिक और आकर्षक शहरी केंद्र के रूप में विकसित करना है.

50 करोड़ रुपये की परियोजना

नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राकेश शर्मा ने बताया, "प्रस्तावित शॉपिंग कांप्लैक्स के लिए लगभग 50 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है. इस योजना में स्थानीय लोगों, व्यापारियों और बाहर से आने वाले लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है. साथ ही आने वाले वर्षों में शहर की बढ़ती आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों को भी ध्यान में रखकर डिजाइन तैयार किया जाएगा."

सिटी सेंटर बनेगा हमीरपुर

आयुक्त ने बताया कि पूरे क्षेत्र को सिटी सेंटर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जहां खरीदारी, मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियां और पार्किंग जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी. इससे न केवल हमीरपुर शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय व्यापार को भी मजबूती मिलेगी. साथ ही इस परियोजना से रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और शहर को आधुनिक पहचान मिलेगी.

ये भी पढ़ें: पीएम नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में क्यों लिया हिमाचल और इंदिरा गांधी का नाम, खच्चर और जीप का किया जिक्र