JSSC परीक्षा मामले में SIT की जांच तेज, 37 लोगों से पूछताछ
JSSC परीक्षा मामले में गठित एसआईटी की जांच तेज हो गयी है. प्रशांत कुमार की रिपोर्ट.

Published : August 20, 2026 at 9:00 PM IST
रांचीः झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में सीआईडी की जांच तेज हो गई है. इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (SIT) अब तक 37 लोगों से पूछताछ कर चुकी है. इन सभी को नोटिस जारी कर जांच टीम के समक्ष उपस्थित होने के लिए बुलाया गया था. पूछताछ के दौरान परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी जुटाई गई है.
सीआईडी ने दी जानकारी
सीआईडी के प्रेस रिलीज के अनुसार, पूछताछ के जरिए परीक्षा में कथित अनियमितता की पूरी कड़ी को जोड़ने की कोशिश की जा रही है. इस कड़ी में 37 लोगो को नोटिस देकर सीआईडी कार्यालय में बुलाया गया औए उनसे हर पहलू पर पूछताछ की गई है. जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा प्रक्रिया में कहीं नियमों का उल्लंघन हुआ या किसी स्तर पर गड़बड़ी की गई.
इसके साथ ही मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. जांच के क्रम में सीआईडी की टीम ने नामकुम स्थित JSSC कार्यालय में छापेमारी भी की थी. इस दौरान परीक्षा से संबंधित जरूरी दस्तावेज और डिजिटल एविडेंस जब्त किए गए थे. इन दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है. वहीं, JSSC के सचिव से भी मामले को लेकर लंबी पूछताछ हो चुकी है.
जारी है जांच
अधिकारियों के मुताबिक, जांच अभी जारी है. SIT पूछताछ, दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. आने वाले दिनों में कुछ और लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है. जांच पूरी होने के बाद ही परीक्षा में कथित गड़बड़ी की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.
इसे भी पढ़ें- परीक्षा गड़बड़ी मामला: अभय के भाई एवं पत्नी से झारखंड पुलिस की लंबी पूछताछ, उगले कई राज!
इसे भी पढ़ें- JPSC-JSSC परीक्षाओं में धांधली की CBI जांच की मांग, हाईकोर्ट में PIL दाखिल
इसे भी पढ़ें- JPSC-JSSC गड़बड़ी मामले में सीआईडी की टीम ने पलामू में की छापेमारी, दो शिक्षकों की तलाश

