JSSC-CGL परीक्षा में गड़बड़ी मामले में सीआईडी की बड़ी कार्रवाई, चार सफल अभ्यर्थी गिरफ्तार
झारखंड में जेएसएससी सीजीएल परीक्षा गड़बड़ी मामले में सीआईडी की बड़ी कार्रवाई हुई है. राजेश कुमार सिंह की रिपोर्ट.

Published : August 28, 2026 at 9:02 PM IST
रांचीः झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से आयोजित झारखंड स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 में कथित अनियमितता के मामले में अपराध अनुसंधान विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. सीआईडी ने इस मामले में परीक्षा में सफल रहे चार अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 के तहत की गई है.
गिरफ्तार अभ्यर्थियों का ब्यौरा
सीआईडी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, जेएसएससी-सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा में अनियमितता से संबंधित मामले की जांच के दौरान चार सफल अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार अभ्यर्थियों में दीपक कुमार (निवासी डुप्लेक्स सनशाइन अपार्टमेंट, श्यामली होटल के पास, नावाडीह, धनबाद), उमेश कुमार राय (मूल निवासी जगदीशपुर, भोजपुर, बिहार, वर्तमान पता दुग्दा, बोकारो), विजय कुमार तिवारी (निवासी धनबाद जिला के राजगंज थाना क्षेत्र के धड़कीडो गांव) और आनंद कुमार सिंह (मूल निवासी सारण, बिहार) है. इनका वर्तमान पता सुदामडीह, धनबाद बताया गया है.
कांड संख्या 01/2025 में चल रही जांच
प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि यह कार्रवाई CID थाना कांड संख्या 01/2025 में की गई है. मामला झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 में अनियमितता से जुड़ा है. चारों आरोपी परीक्षा में सफल अभ्यर्थी बताए गए हैं.
हालांकि, जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इन अभ्यर्थियों पर परीक्षा में किस प्रकार की अनियमितता करने या उसमें शामिल होने का आरोप है. इसलिए आरोपों की विस्तृत प्रकृति और जांच में इनके खिलाफ सामने आए साक्ष्यों की जानकारी जांच एजेंसी की आगे की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी.
इसे भी पढ़ें- JSSC-CGL परीक्षा अनियमितता मामला: सीआईडी ने दिल्ली से दो को दबोचा
इसे भी पढ़ें- परीक्षा गड़बड़ी मामला: अभय के भाई एवं पत्नी से झारखंड पुलिस की लंबी पूछताछ, उगले कई राज!
इसे भी पढ़ें- 11 वर्षों से निकलता रहा विज्ञापन और रद्द होती रही परीक्षा, जानिए JSSC-CGL की पूरी कहानी

