चूरू में दर्दनाक हादसा: बोलेरो और डंपर की टक्कर के बाद जिंदा जले तीन लोग, डीडवाना में हादसे में एक की मौत
सादुलपुर में बोलेरो और डंपर की भीषण भिड़ंत के बाद लगी आग में तीन लोग जिंदा जल गए, जबकि पांच घायल अस्पताल में भर्ती हैं.

Published : April 24, 2026 at 7:32 AM IST
चूरू: जिले के सादुलपुर इलाके में गुरुवार देर रात गांव थिरपाली छोटी और थिरपाली बड़ी के बीच एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई. हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के तुरंत बाद बोलेरो जीप और डंपर, दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. वहीं, डीडवाना कुचामन जिले के लाडनू क्षेत्र के निम्बी जोधा रोड NH 58 पर सड़क हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है.
आमने-सामने की टक्कर: हमीरवास थानाधिकारी राय सिंह सुथार ने बताया कि बोलेरो और डंपर के बीच हुई इस सीधी भिड़ंत के बाद दोनों गाड़ियां आग का गोला बन गईं. मौके पर मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने जब आग की लपटें उठती देखीं, तो इलाके में चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही हमीरवास थाना पुलिस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रिछपाल सिंह और आईपीएस अधिकारी अभिजीत पाटिल दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. दमकल विभाग को भी तुरंत सूचित किया गया, जिसके बाद कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया.
इसे भी पढ़ें: बड़ी खबर: पुष्कर घाटी में बड़ा हादसा, खाई में गिरी बस, दो की मौत, मायरा भरने जा रहे थे सभी
बारात की खुशियां मातम में बदलीं : प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बोलेरो गाड़ी चूरू नंबर की है और इसमें सवार लोग सिधमुख क्षेत्र के रहने वाले थे. ये सभी लोग पिलानी में एक बारात में शामिल होने जा रहे थे, तभी रास्ते में यह काल बनकर आए डंपर ने उनकी खुशियों को मातम में बदल दिया. इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिनकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. वहीं, पांच अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की पहचान होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल पुलिस डंपर चालक की तलाश और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है.
कुचामन में हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौतः डीडवाना कुचामन जिले के लाडनू क्षेत्र के निम्बी जोधा रोड NH 58 पर सड़क हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है. एडिशनल एसपी नितेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है. मृतक के परिजनों के पहुंचने पर शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा. प्रत्यक्षदर्शी मनीष कुमार ने बताया कि ट्रक और डम्पर में भिड़ंत के बाद ट्रक ड्राइवर ट्रक से बाहर गिर गया. इस दौरान सुजानगढ़ से नागौर की तरफ जा रही बस ट्रक ड्राइवर के ऊपर से निकल गई और ट्रक से जा टकराई.
बस सुजानगढ़ से हैदराबाद जा रही थी, जबकि डम्पर सुजानगढ़ की तरफ से नागौर की तरफ जा रहा था. हादसे में ट्रक ड्राइवर उत्तराखंड रुड़की के रहने वाले जमशेद भगवानपुरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक के सहायक को मामूली चोट आई है. हादसे के बाद डम्पर चालक डम्पर को मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गया. घटना के बाद बस के इंजन में आग लग गई, हालांकि समय रहते ही दमकल ने मौक़े पर पहुंच कर आग पर काबू पा लिया. घटना के वक्त बस में तक़रीबन दो दर्जन सवारियां थी, जिसकी वजह से वहां चीख पुकार मच गई. बस में सवार सहायक के अलावा किसी भी सवारी को चोट नहीं लगी है. घटना की जानकारी मिलते ही लाडनूं थाना पुलिस मौक़े पर पहुंची और तीनों वाहनों को सड़क से किनारे किया. मृतक ट्रक ड्राइवर का शव लाडनूं अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है.

