पुलिस ने 3 शातिर पकड़े, 9 बाइक बरामद, खेत में छिपाते थे मोटरसाइकिल
पुलिस आरोपियों से वाहन चोरी की अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ कर रही है.

Published : January 5, 2026 at 7:12 PM IST
चूरूः जिले की सरदारशहर पुलिस ने बाइक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 9 चोरी की बाइक बरामद की है. थानाधिकारी मदनलाल बिश्नोई ने बताया कि 1 जनवरी को करणसर निवासी भंवरलाल जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
रिपोर्ट में बताया कि 31 दिसंबर 2025 की रात पांच भाई चौक, सरदारशहर स्थित उनके घर के पास से उनकी बाइक अज्ञात चोर चोरी कर ले गए. इस पर सरदारशहर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमें गठित की. टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. 9 बाइक बरामदः पुलिस के अनुसार इस मामले में सुनिल सिंह उर्फ सोनू सिंह, सुमित सोनी व रवि सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 9 चोरी की बाइक बरामद की गई है. पुलिस आरोपियों से वाहन चोरी की अन्य वारदातों, नेटवर्क में शामिल साथियों और संभावित ठिकानों को लेकर पूछताछ कर रही है.
पढ़ेंः शातिर गैंग ने कबूली चोरी की वारदातें, दो कार बरामद, एक कार कबाड़ में बेच डाली
खेत में छिपाते थे चोरी की बाइकः थानाधिकारी मदनलाल विश्नोई ने बताया की गिरफ्तार आरोपी चोरी की बाइक को खेत में छिपाते थे ताकी किसी को उन पर शक न हो. पुलिस उस कड़ी को भी जोड़ रही है, जहां आरोपी चोरी की बाइक को खपाते थे. थानाधिकारी ने बताया पुलिस की प्रारम्भिक जांच में सामने आया आरोपी बाइक चोरी की वारदात को हनुमानगढ़ और चूरू के रतनगढ़ और सरदारशहर में अंजाम देते थे. गिरफ्तार आरोपी 10वीं और 12वीं पास हैं.

