शिमला में दर्दनाक हादसा, सिलेंडर फटने से गई युवक की जान
शिमला के चौपाल क्षेत्र में रविवार को सिलेंडर फटने से एक युवक की जान चली हई.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 4, 2026 at 9:39 PM IST
शिमला: शिमला जिले के चौपाल उपमंडल में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना चौपाल के साथ लगते देवत क्षेत्र की है, जहां एक अस्थायी शेड में रह रहे नेपाली युवक की सिलेंडर ब्लास्ट के कारण जान चली गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सरकारी स्कूल के पास लगी आग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार देवत गांव में सरकारी स्कूल के पास एक शेड में आग लगने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि देवत बाजार के समीप मेघराम, पुत्र मेहर सिंह द्वारा बनाया गया यह शेड था, जिसमें एक नेपाली परिवार रह रहा था.
सिलेंडर ब्लास्ट से युवक की मौके पर मौत
पुलिस ने बताया कि शेड में रह रहे नेपाली युवक हरी बहादुर, पुत्र मन बहादुर की सिलेंडर फटने से मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि युवक का शरीर बुरी तरह से झुलस गया. साथ ही शेड भी पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गया.
बताया जा रहा है कि हादसे के समय हरी बहादुर की पत्नी अपने बच्चे के साथ मायके गई हुई थी. रविवार सुबह जब वे वापस लौटे, तो उन्होंने शेड को पूरी तरह से जला हुआ पाया और हरी बहादुर की मौत की जानकारी मिली. इस दृश्य को देखकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
मौके पर पहुंची एफएसएल टीम
घटना की सूचना मिलने के बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस सिलेंडर ब्लास्ट के कारणों की गहन जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर हादसे का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है.
प्रशासन ने दी फौरी राहत
चौपाल के एसडीएम हेमचंद वर्मा ने बताया कि मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है. उन्होंने कहा कि संबंधित पटवारी के माध्यम से मृतक की पत्नी को 20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है. सिलेंडर ब्लास्ट का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.
ये भी पढे़ं: नए साल पर CM सुक्खू ने लिया मां का आशीर्वाद, बेटे के गले लगकर भावुक हुईं संसार देवी

