ETV Bharat / state

सांवलिया सेठ के भंडार से निकले 22 करोड़ 80 लाख से ज्यादा रुपये, पौने दो किलो सोना भी मिला

श्री सांवलियाजी में मंदिर में चौथे और अंतिम राउंड की गणना पूरी. जानिए क्या-क्या मिला...

Sanwaliya Seth Temple Treasury Counting
श्री सांवलियाजी में अंतिम राउंड की गणना पूरी (Source : Sanwaliyaji Temple Board)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 22, 2025 at 10:20 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चित्तौड़गढ़: वैश्विक आस्था का केंद्र प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में खोले भंडार से 22 करोड़ 80 लाख 69 हजार 395 रुपये की चढ़ावा राशि निकली है. चार चरणों में चढ़ावा राशि की गणना पूरी हुई है. इसके अलावा पौने दो किलो सोने के आभूषण और करीब एक क्विंटल चांदी भी निकली है.

अतिरिक्त जिला एवं श्री सांवलिया मंदिर मंडल की सीईओ प्रभा गौतम ने बताया कि गुरुवार को ठाकुरजी का भंडार खोला गया था. गुरुवार को पहले चरण की गणना में 12 करोड़ 10 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई थी. शुक्रवार को दूसरे चरण की गणना में 4 करोड़ 73 लाख 60 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई. तीसरे चरण की गणना में 5 करोड़ 47 लाख 25 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई. शेष बची राशि की गणना सोमवार को चौथे व अंतिम चरण के रूप में की गई.

पढ़ें : सांवलिया सेठ के भंडार से पहले दिन मिली 12 करोड़ 10 लाख की चढ़ावा राशि, दो दिवसीय मासिक मेला शुरू

सोमवार को चौथे चरण की गणना में ठाकुरजी के भंडार से 49 लाख 84 हजार 395 रुपये की राशि प्राप्त हुई. इस तरह चारों चरणों की गणना में ठाकुरजी के भंडार से इस माह कुल 22 करोड़ 80 लाख 69 हजार 395 रुपये की राशि प्राप्त हुई. सोमवार को गणना करने के बाद भंडार की राशि की गणना का समापन हुआ, साथ ही ठाकुरजी के भंडारे से 1 किलो 250 ग्राम सोना तथा 44 किलो 400 ग्राम चांदी भी प्राप्त हुई. इधर, मंदिर मंडल भेंट कक्ष कार्यालय में नकद व मनीऑर्डर के रूप में 6 करोड़ 51 लाख 35 हजार 525 रुपये की राशि व 535 ग्राम 910 मिलीग्राम सोना तथा 55 किलो 444 ग्राम चांदी भी भेंट स्वरूप प्राप्त हुई.

Silver Revolver
भक्त ने भेंट की चांदी की रिवॉल्वर (Source : Sanwaliyaji Temple Board)

श्रद्धालु ने सांवलिया सेठ को भेंट की चांदी की रिवॉल्वर : भगवान श्री सांवलिया सेठ को उनके एक भक्त ने चांदी से निर्मित रिवॉल्वर भेंट की है. भगवान को उनके भक्तों द्वारा सोने-चांदी से निर्मित विभिन्न प्रकार की सामग्रियां तथा आभूषण भेंट किए जाते हैं, लेकिन सोमवार को उनके भक्त ने अनोखी भेंट ठाकुरजी को अर्पण किया. महाराष्ट्र के संभाजी नगर के पलाश दगडवाल ने मन्नत पूरी होने पर भगवान श्री सांवलिया सेठ को 560 ग्राम चांदी की रिवॉल्वर भेंट की. श्रद्धालु ने मंदिर मंडल भेंट कक्ष कार्यालय में यह रिवॉल्वर भेंट कर भेंट की रसीद प्राप्त की.