शातिर गैंग ने कबूली चोरी की वारदातें, दो कार बरामद, एक कार कबाड़ में बेच डाली
ह्यूमन इंटेलिजेंस का उपयोग करते हुऐ चोरी की वारदात में प्रयुक्त कार की पहचान की गई.

Published : December 28, 2025 at 2:41 PM IST
चित्तौड़गढ़ : शहर की कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने गत मंगलवार को हुई चौपहिया वाहन चोरी की घटना का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मामले में चोर गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को पकड़ा है, जिनसे चोरी की गई कार बरामद कर ली है. इसके अलावा एक अन्य कार को भी पुलिस ने बरामद किया है, जो कि चोरी की है. पूछताछ में आरोपियों ने कुछ दिनों पूर्व एक कार चोरी कर कबाड़ी को बेचना भी स्वीकार किया है, जिसके संबंध में अनुसंधान जारी है.
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि छह-सात दिन पूर्व चित्तौड़गढ़ शहर में भरत बाग के सामने स्थित ऑटो शोरूम के बाहर से सोनूगिरी की टवेरा कार चोरी हो गई थी. इसके संबंध में 23 दिसंबर को कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाने पर प्रकरण दर्ज कर जांच की गई. कोतवाली सीआई तुलसीराम के नेतृत्व में थाने की टीम ने लगातार प्रयास कर एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस का उपयोग करते हुऐ चोरी की वारदात में प्रयुक्त कार की पहचान की गई. इस आधार पर करीब तीन संदिग्ध व्यक्तियों को डिटेन कर पूछताछ की गई. इसमें आरोपियों ने कार चोरी करना स्वीकार कर लिया.
पढ़ें. इंद्रगढ़ में 15 लाख की चोरी का खुलासा, परिवार का चालक ही निकला मास्टरमाइंड, तीन गिरफ्तार
पुलिस ने रविवार को चित्तौड़गढ़ जिले के शंभूपुरा निवासी कालु पुत्र देवीलाल तेली, सतखंडा निवासी मुरली नायक पुत्र दयाराम नायक व कजोडपुरा निवासी ईलयास हुसैन उर्फ सानु पुत्र ईकबाल हुसैन पठान को गिरफ्तार किया है. इनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई कार को भी बरामद किया है. आरोपियों ने चोरी की घटना में प्रयुक्त कार भी चोरी की थी. इसके संबंध में अनुसंधान जारी है. इन्हीं आरोपियों ने इसी माह 3 दिसंबर को संगम मार्ग स्थित कुकडा रिसोर्ट के सामने से एक और कार चोरी करने की वारदात भी स्वीकार की. इसके संबंध में भी आरोपियों से पूछताछ जारी है.

