ETV Bharat / state

पूर्व मंत्री बोले- राम मंदिर मामले की हो उच्च स्तरीय जांच, दान में चोरी आस्था पर सीधा हमला

उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण प्राप्त लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है.

chittorgarh Congress committee
ज्ञापन देने आए कांग्रेस कार्यकर्ता (ETV Bharat Chittorgarh)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 1, 2026 at 5:28 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चित्तौड़गढ़: शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में कथित दान चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं के मामले को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा. इसमें पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. वहीं, पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने एक और ज्ञापन खाद के मुद्दे पर जिला कलेक्टर को सौंपते हुए कहा कि किसानों का शोषण हो रहा है. किसानों को 280 रुपए का खाद का कट्टा 480 रुपए में मिल रहा है.

पूर्व राज्य मंत्री जाड़ावत ने आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर निर्माण के दौरान जमीन खरीद में करोड़ों रुपए की अनियमितताएं हुईं, निर्माण कार्य में भारी वित्तीय गड़बड़ियां सामने आईं. हाल ही में दानपात्र से नकदी, सोना, चांदी एवं आभूषणों की कथित चोरी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. जाड़ावत ने कहा कि श्रद्धालुओं ने अपनी मेहनत की कमाई भगवान श्रीराम के चरणों में समर्पित की थी, लेकिन यदि उसी दान में चोरी और भ्रष्टाचार हुआ है तो यह केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था पर सीधा हमला है.

पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत (ETV Bharat Chittorgarh)

पढ़ें: गहलोत बोले- राम मंदिर में चोरी भाजपा और आरएसएस को ले डूबेगी, राजस्थान के पत्थर से मंदिर निर्माण हुआ और हमें ही नहीं बुलाया

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एसआईटी के गठन के 25 दिन बाद एफआईआर दर्ज होना और केवल कुछ लोगों पर कार्रवाई कर बड़े नामों को जांच से दूर रखना पूरे मामले को संदेहास्पद बनाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण प्राप्त लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है, जबकि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होना आवश्यक है.

उच्च स्तरीय जांच कमेटी बने: कांग्रेस ने मांग की कि इस मामले में किसी पूर्व मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की जाए, जिसमें पूर्व पुलिस महानिदेशक, वित्त विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाए, ताकि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई देश के सामने लाई जा सके. ज्ञापन में कहा गया कि भक्तों और भगवान के साथ विश्वासघात करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए. दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई कर संदेश दिया जाए कि देश की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है.

यह भी पढ़ें: नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को घेरा, जूली बोले- अब इनका अंत निश्चित...

किसानों को उपलब्ध करवाएं खाद: पूर्व राज्य मंत्री जाड़ावत ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों को खाद समय पर नहीं मिल पा रहा है. खाद को लेकर किसान परेशान हैं. रबी हो या खरीफ की फसल, किसानों को खाद के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है. किसानों का शोषण किया जा रहा है. हमारी सरकार के समय किसानों को समय पर खाद मिल रहा था. लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद से ही खाद को लेकर संकट पैदा हो गया है.