ETV Bharat / state

चित्रकूट में आफत की बारिश: मानिकपुर में डोडा बांध टूटा; 4 गांवों में घुसा पानी, बरदहा नदी उफान पर

चित्रकूट के मानिकपुर में लगातार हो रही बारिश के कारण डोडा बांध का एक हिस्सा टूट गया, जिससे कई गांवों में पानी भर गया है.

Photo Credit: ETV Bharat
बरदहा नदी ने धारण किया रौद्र रूप: छेरिहा और कल्याणपुर में 3 फीट तक भरा बाढ़ का पानी. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 29, 2026 at 4:03 PM IST

|

Updated : August 29, 2026 at 6:49 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चित्रकूट: जिले में लगातार हो रही बारिश ने मानिकपुर तहसील क्षेत्र में हालात बिगाड़ दिए हैं. शनिवार सुबह करीब सात बजे डोडा बांध का एक हिस्सा ढहने से बांध का पानी आसपास के गांवों में तेजी से घुस गया.

वहीं मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा से बहने वाली बरदहा नदी भी रौद्र रूप में है. पानी के तेज बहाव के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका है.

डोडा बांध टूटने से कई गांवों में खाने का संकट. (Video Credit: ETV Bharat)

छेरिहा और कल्याणपुर गांव बुरी तरह प्रभावित: डोडा बांध के आसपास स्थित डोडा, छेरिहा, जारोमाफी और कल्याणपुर गांव बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. छेरिहा गांव में पानी घुसने से करीब आधा दर्जन मकान ढह गए, जिससे कई ग्रामीणों के सिर से आशियाना छिन गया. कल्याणपुर के ग्रामीणों ने बताया कि घरों में करीब दो से तीन फीट तक पानी भर गया है. इससे घर में रखा राशन, अनाज, कपड़े और गृहस्थी का सामान भीगकर खराब हो गया.

Photo Credit: ETV Bharat
मिर्जापुर में SBI की हालिया ब्रांच में घुसा पानी. (Photo Credit: ETV Bharat)

बरदहा नदी उफान पर, कई गांवों में अलर्ट: ग्रामीणों के सामने भोजन की समस्या भी खड़ी हो गई है. उधर, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश तथा बांध का कुछ हिस्सा टूटने से पानी गांव से होता हुआ नदी में पहुंच गया जिसके कारण बरदहा नदी भी उफान पर है. गिदुरहा, रानीपुर और चमरौहां गांवों में नदी का पानी प्रवेश करने लगा है. ग्रामीणों को आशंका है कि यदि अगले दो-तीन घंटे तक नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो गांवों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो सकती है.

पुलिस मुस्तैद, सिंचाई विभाग रख रहा नजर: हालात को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है. सड़कों और रापटों के ऊपर पानी बहने से पुलिस व एंबुलेंस सेवाएं प्रभावित हुई हैं. तेज बहाव के कारण फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका है. मारकुंडी थाना और हल्दी डांडी चौकी की पुलिस मौके पर तैनात है और ग्रामीणों को तेज बहाव वाले रास्तों को पार करने तथा गहरे पानी में जाने से रोक रही है. अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग शशिकांत प्रसाद ने बताया कि लगातार बारिश के चलते डोडा बांध में क्षमता से अधिक पानी भर गया था, जिसके चलते ओवरफ्लो होकर बांध का कुछ हिस्सा टूट गया.

Photo Credit: ETV Bharat
मिर्जापुर में हलिया-ददरी मार्ग पर आवागमन बाधित. (Photo Credit: ETV Bharat)

मिर्जापुर में बारिश का पानी बैंक में घुसा: मिर्जापुर जनपद में हो रही लगातार बारिश के चलते नदी नाले उफान पर हैं. बारिश का पानी SBI की हालिया ब्रांच में घुस गया. हलिया बाजार की सड़कें जलमग्न हो गई हैं. सुसुआड़ नाला अपने रौद्र रूप में बह रहा है जिसके कारण भटवारी, दीघिया, बसुहरा गांवों में पानी घुस गया है. खेत जलमग्न हो गए हैं. तेज पानी से दीघिया-भटवारी संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है. हलिया-ददरी मार्ग पर आवागमन बाधित है. मेजा ददरी बांध से बेलन नदी में भी पानी छोड़ा जा रहा है.
यह भी पढ़ें- 'नौजवानों के लिए नौकरी का खजाना निकलने वाला है', बेरोजगारी खत्म करने क्या है 'महाप्लान'?

Last Updated : August 29, 2026 at 6:49 PM IST