ETV Bharat / state

ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने के फैसले पर भड़के कोरिया कॉलरी वासी, एसईसीएल के खिलाफ काटा बवाल

ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने के फैसले पर कोरिया कॉलरी सब स्टेशन में महिलाओं-पुरुषों का हंगामा, बिजली-पानी की समस्या पर किया प्रदर्शन

Public Uproar at Korea Colliery
कोरिया कॉलरी में लोगों का बवाल (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : March 15, 2026 at 10:51 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर: छत्तीसगढ़ में मार्च महीने से ही गर्मी की शुरुआत हो गई है. इस बीच चिरमिरी में एसईसीएल प्रबंधन ने कोरिया कॉलरी से ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने का फैसला ले लिया. इस फैसले के खिलाफ रविवार को कोरिया कॉलरी वासियों ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया. जैसे ही ट्रांसफार्मर को शिफ्ट किए जाने की जानकारी क्षेत्र के लोगों को मिली, बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष कोरिया कॉलरी स्थित एसईसीएल सब स्टेशन पहुंच गए. उसके बाद उन लोगों ने बवाल काटना शुरू कर दिया.

"बिजली-पानी की समस्या से हो रही परेशानी"

चिरमिरी कोरिया कॉलरी के लोगों का कहना है कि पहले से ही हम लोग बिजली और पानी की समस्या झेल रहे हैं. अब जिस ट्रांसफार्मर को हटाया जा रहा है, उसी से क्षेत्र में पानी की सप्लाई और कई आवश्यक विद्युत व्यवस्थाएं संचालित होती हैं. ऐसे में यदि इसे यहां से हटाया गया तो क्षेत्र में बिजली और पानी की समस्या और गंभीर हो जाएगी.प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि बिजली नहीं रहने पर पानी की सप्लाई भी प्रभावित होगी, जिससे दैनिक जीवन और अधिक कठिन हो जाएगा. स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की सप्लाई पहले ही प्रभावित हो चुकी है और लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं. ऐसे में ट्रांसफार्मर हटाने का फैसला क्षेत्रवासियों के लिए और मुश्किलें बढ़ाने वाला साबित होगा.

कोरिया कॉलरी में हंगामा (ETV BHARAT)

गर्मी और परीक्षा के समय बढ़ेगी परेशानी

स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में आए दिन बिजली कटौती की समस्या बनी रहती है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. अभी गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है और बच्चों की परीक्षाएं भी चल रही हैं. ऐसे समय में यदि ट्रांसफार्मर को यहां से हटाया गया तो बिजली की समस्या और बढ़ जाएगी.

Korea Colliery Substation
कोरिया कॉलरी का सब स्टेशन (ETV BHARAT)

क्षेत्र में पहले से ही बिजली और पानी की समस्या बनी हुई है. यदि ट्रांसफार्मर हटा दिया गया तो लोगों को और ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ेगी- प्रमिला देवी, स्थानीय निवासी

गर्मी और बच्चों की परीक्षाओं के समय बिजली की समस्या बढ़ना लोगों के लिए बेहद मुश्किल भरा होगा- राजेश कुमार तिवारी, स्थानीय निवासी

Transformer at Korea Colliery Colony
कोरिया कॉलरी कॉलोनी में ट्रांसफार्मर (ETV BHARAT)

लोगों ने जमकर काटा बवाल

कोरिया कॉलरी सब स्टेशन में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे स्थानीय लोगों ने एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए साफ कहा कि जब तक ट्रांसफार्मर को यहां से हटाने का निर्णय वापस नहीं लिया जाता, तब तक वे प्रदर्शन जारी रखेंगे. लोगों ने कहा कि यदि ट्रांसफार्मर को यहां से ले जाने की कोशिश की गई तो वे इसका कड़ा विरोध करेंगे. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से बिजली की समस्या बनी हुई है और पानी की सप्लाई भी इसी ट्रांसफार्मर से होती है. ऐसे में ट्रांसफार्मर हटाए जाने से पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाएगा और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. जबकि प्रबंधन की तरफ से दूसरी दलील दी जा रही है.

ट्रांसफार्मर को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शिफ्ट किया जा रहा है और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था बाधित नहीं होने दी जाएगी- अरुण चौहान, सब एरिया मैनेजर, बिजली विभाग

प्रबंधन ने दी वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी

वहीं इस पूरे मामले में एसईसीएल प्रबंधन का कहना है कि ट्रांसफार्मर को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जीएम ऑफिस परिसर में शिफ्ट किया जा रहा है. प्रबंधन के अनुसार वर्कशॉप में पहले से दो ट्रांसफार्मर स्थापित हैं, जिनमें से एक ट्रांसफार्मर से फिलहाल बिजली आपूर्ति जारी रखी जाएगी, जबकि दूसरा ट्रांसफार्मर मरम्मत के बाद स्थापित किया जाएगा. प्रबंधन का यह भी कहना है कि ट्रांसफार्मर के स्थानांतरण के बावजूद स्थानीय लोगों की विद्युत व्यवस्था बाधित नहीं होगी और बिजली आपूर्ति पहले की तरह जारी रहेगी.

बीजापुर में पोर्टाकेबिन की 3 छात्राओं के गर्भवती होने की खबर, कांग्रेस ने की जांच की मांग, DEO ने किया खंडन

कोरिया में आबकारी विभाग की ड्रोन कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, 80 लीटर महुआ शराब जब्त