सोनीपत पहुंचे चिराग पासवान, प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक सराहना पर विपक्ष को घेरा, बोले- "PM के अपमान में विपक्ष देश का अपमान कर रहा"
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पीएम मोदी की वैश्विक सराहना की. साथ ही विपक्ष पर निशाना साधते हुए निफ्टम की तारीफ की.

Published : February 27, 2026 at 11:32 AM IST
सोनीपत: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोनीपत के कुंडली स्थित NIFTEM में आयोजित नेशनल कांफ्रेंस पहुंचे. इस दौरान चिराग ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला. चिराग पासवान ने कहा कि, "देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इजराइल दौरे पर विश्व का सर्वोच्च सम्मान मिल रहा है. प्रधानमंत्री के अपमान में विपक्ष देश का अपमान कर रहा है."
एआई समिट का दिया उदाहरण: केंद्रीय मंत्री ने एआई समिट का उदाहरण देते हुए कहा कि, "विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी के आलोचना में इतना उलझा है कि वह भूल जाता है कि असल में देश का सम्मान ही प्रभावित हो रहा है.प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राएं और अंतरराष्ट्रीय सम्मान भारत की प्रतिष्ठा को बढ़ाते हैं, जबकि विपक्ष की आलोचना देश हित के खिलाफ जा रही है."

अमेरिका से ट्रेड डील पर सरकार का बचाव: चिराग पासवान ने अमेरिका से हुई ट्रेड डील को लेकर भी साफ किया कि विपक्ष लगातार भ्रम फैला रहा है कि किसानों के हितों की अनदेखी की गई.उन्होंने कहा कि, "सरकार ने किसानों और देश के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी समझौते किए हैं. यह ट्रेड डील विकसित भारत के संकल्प में महत्वपूर्ण योगदान देगी और देश के आर्थिक विकास को मजबूती प्रदान करेगी."
निफ्टम संस्थानों की तारीफ: केंद्रीय मंत्री ने सोनीपत स्थित निफ्टम संस्थान की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने बताया कि, "हरियाणा और तमिलनाडु में दो निफ्टम संस्थान पहले से हैं और बजट में बिहार में तीसरे संस्थान की घोषणा की गई है. इस नेशनल कांफ्रेंस में देश और विदेश के फूड प्रोसेसिंग वैज्ञानिक अपने विचार साझा करेंगे, जो प्रधानमंत्री और सरकार के विकसित भारत संकल्प में योगदान देंगे."
वैज्ञानिक सहभागिता और भविष्य की योजनाएं: चिराग पासवान ने जोर देकर कहा कि, "इस प्रकार के कार्यक्रम फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में नवाचार और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देंगे." उन्होंने वैज्ञानिकों और उद्योग विशेषज्ञों से अपील की कि वे इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं और भारत को विश्व स्तर पर खाद्य प्रौद्योगिकी में अग्रणी बनाएं.
ये भी पढ़ें:चंडीगढ़ के कई स्कूलों को फिर से मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, पुलिस और बम स्क्वॉड टीम जांच में जुटी

