ETV Bharat / state

कौन हैं सुरेंद्र विवेक? जिनको राजू तिवारी की जगह चिराग पासवान ने बनाया नया प्रदेश अध्यक्ष

चिराग पासवान ने एलजेपीआर की नई टीम का ऐलान कर दिया है. सुरेंद्र विवेक को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है. रिपोर्ट- बृजम पांडेय

Chirag Paswan
चिराग पासवान की नई टीम घोषित (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 26, 2026 at 2:36 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के निर्देश पर संगठन का व्यापक पुनर्गठन किया गया है. नई कार्यकारिणी में कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं, वहीं संगठन के प्रदेश स्तर पर भी बदलाव किया गया है. बिहार में सुरेन्द्र विवेक और झारखंड में जनार्दन पासवान को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है.

चिराग की नई टीम घोषित: नई व्यवस्था में चिराग पासवान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष बने रहेंगे. पार्टी ने संगठन के शीर्ष पद पर किसी तरह का बदलाव नहीं किया है. वहीं अब्दुल खालिक को एक बार फिर राष्ट्रीय प्रधान महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है. अब्दुल खालिक की ओर से जारी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सूची में राष्ट्रीय पदाधिकारियों से लेकर प्रवक्ताओं और अनुशासन समिति तक का विस्तृत ब्योरा जारी किया गया है.

"हमारे नेता चिराग पासवान ने महिलाओं और युवाओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह दी है. राष्ट्रीय अध्यक्ष जी उस विचारधारा को आगे बढ़ने का काम कर रहे हैं, जिसमें पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान ने कहा था हम उसे घर में दिए जलाने चले हैं जहां वर्षों से अंधेरा है. जनता की आकांक्षाओं पर काम करने के लिए लोग जनशक्ति पार्टी रामविलास की टीम पूरी तरह तैयार है. वह सभी नवनियुक्त पदाधिकारी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हैं."- रंजन सिंह, प्रदेश प्रवक्ता, लोजपा रामविलास

एलजेपीआर प्रवक्ता रंजन सिंह (ETV Bharat)

राजू तिवारी की जगह सुरेंद्र विवेक: संगठन में बदलाव के बाद राजू तिवारी की बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद से छुट्टी कर दी गई है. उनकी जगह सुरेन्द्र विवेक को बिहार एलजेपीआर का अध्यक्ष बनाया गया है. हालांकि नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राजू तिवारी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है. इसके अलावा उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी दी गई है.

LJPR National Executive Committee
राजू तिवारी की जगह सुरेंद्र विवेक नए प्रदेश अध्यक्ष (ETV Bharat)

कौन हैं सुरेंद्र विवेक?: एलजेपीआर के नए प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक (सुरेंद्र कुमार) चिराग पासवान के पुराने भरोसेमंद माने जाते हैं. वह इससे पहले प्रदेश चुनाव अभियान प्रमुख सह प्रदेश कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं. बेगूसराय के रहने वाले सुरेंद्र 2025 में साहेबपुर कमाल सीट से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं. हालांकि उनको आरजेडी के सत्तानंद संबुद्ध से शिकस्त मिली थी. सत्तानंद को 76,798 और सुरेंद्र को 61,077 मत मिले थे.

Chirag Paswan
साहेबपुर कमाल से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं सुरेंद्र विवेक (ETV Bharat)

झारखंड में जनार्दन पासवान को कमान: इसी तरह जनार्दन पासवान को झारखंड प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है. दोनों राज्यों में संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए इन नियुक्तियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

राष्ट्रीय संगठन में कई बड़े नाम: नई कार्यकारिणी में मनीषंकर पांडेय, मोहम्मद शमीम एम हवा, वीरेन्द्र प्रधान, कुंवर आसिम खान, डॉ. सत्यानंद शर्मा और कमला कुमारी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. राजेश वर्मा को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है.

वहीं राष्ट्रीय महासचिवों की टीम में मिथिलेश कुमार सिंह, राजू तिवारी, वीणा देवी, अजय कुमार, पंकज अरोड़ा, डॉ. केपी चौधरी, वीरेन्द्र बिधूड़ी, डॉ. सुखातो ए. सेमा, धीरेन्द्र कुमार सिन्हा मुन्ना, अशरफ अंसारी, अरविंद कुमार सिंह और सी. विद्याधरन को शामिल किया गया है.

धीरेन्द्र मुन्ना को राष्ट्रीय मीडिया की जिम्मेदारी: धीरेन्द्र कुमार सिन्हा मुन्ना को राष्ट्रीय महासचिव के साथ राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है. पार्टी की ओर से जारी सूची में उन्हें राष्ट्रीय मीडिया से जुड़े कामकाज की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है.

वहीं राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की टीम में अरुण भारती, राजेश वर्मा, शांभवी चौधरी, राजू तिवारी, अजय कुमार पांडेय, मुरारी गौतम, राजेश भट्ट, विनीत सिंह, अधिवक्ता रितेश कुमार शर्मा, आलोक रंजन और प्रणव कुमार को शामिल किया गया है. पार्टी की राष्ट्रीय अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति का भी गठन किया गया है. हरमीत सिंह को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है. मोहम्मद शमीम एम हवा और अधिवक्ता सरदार तारा सिंह को सदस्य तथा अधिवक्ता रितेश कुमार शर्मा को समिति का सचिव बनाया गया है.

LJPR National Executive Committee
एलजेपीआर के राष्ट्रीय संगठन में कई बड़े नाम (ETV Bharat)

पूर्व विधायकों और पूर्व विधान पार्षदों को भी जिम्मेदारी: नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बिहार के पूर्व विधायकों और पूर्व विधान पार्षदों को भी स्थान दिया गया है. पूर्व विधायक राज कुमार साह और राम विनोद पासवान तथा पूर्व विधान पार्षद हुलास पांडेय को संगठन की व्यवस्था में शामिल किया गया है.

इसके अलावा ललित कुमार गौतम, हरमीत सिंह और अधिवक्ता सरदार तारा सिंह को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है. इस तरह लोजपा रामविलास ने नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में संगठन के पुराने अनुभवी नेताओं के साथ-साथ वर्तमान राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय नेताओं को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां दी हैं.

चिराग के नेतृत्व में संगठन के विस्तार पर जोर: नई जंबो कार्यकारिणी के गठन से पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को विस्तार देने का संकेत दिया है. चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर निरंतरता कायम रखी है, जबकि प्रदेश और राष्ट्रीय संगठन में बड़े स्तर पर जिम्मेदारियों का फेरबदल किया गया है.

शांभवी चौधरी को छात्र प्रकोष्ठ की कमान: लोजपा रामविलास की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पार्टी की सबसे युवा सांसद शांभवी चौधरी को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है. उन्हें पार्टी के छात्र प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है. इसके साथ ही राष्ट्रीय सचिवों की सूची में रमा जॉर्ज, एस. रिचर्ड हुम्त्सो, केबी भारती, पीएच रामचंद्रन, मोहम्मद अबरार, हाजी नुरुल्ला, कुलदीप चौहान और सूरज कुमार बुर्हादिया को शामिल किया गया है.

LJPR National Executive Committee
शांभवी चौधरी को मिली बड़ी जिम्मेदारी (ETV Bharat)

पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के राष्ट्रीय अध्यक्षों की जिम्मेदारी भी तय की गई है. प्रणब कुमार को युवा प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष, चंद्र प्रभा भाटिया को महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का अस्थायी प्रभार अब्दुल खालिक को, राजेश पासवान को जेएमएस का राष्ट्रीय अध्यक्ष, अधिवक्ता सुशील कुमार को विधि प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष और धर्मेंद्र मिश्रा को किसान प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है.

नई कार्यकारिणी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महासचिव, कोषाध्यक्ष, प्रवक्ता, मीडिया संयोजक, अनुशासन समिति और स्थायी आमंत्रित सदस्यों समेत विभिन्न स्तरों पर बड़ी संख्या में नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है. इससे लोजपा रामविलास का राष्ट्रीय संगठन अब पहले की तुलना में अधिक विस्तृत और जंबो स्वरूप में नजर आ रहा है.

ये भी पढ़ें:

Explainer: यूपी-पंजाब फतह करने के लिए क्या है चिराग पासवान का नया '3P' फॉर्मूला, जानें

BJP को हराने वाले प्रशांत किशोर के साथ आएंगे चिराग पासवान? बिहार की सियासत में बदलाव की आहट

टूटो.. बिखरो.. फिर से खड़ा हो.. जीरो से हीरो बनो.. तभी कहलाओगे चिराग पासवान.. लोग कहने लगे अगला किंगमेकर