हिमाचल में आज लाखों बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो खुराक, इन जगहों पर पिला सकते हैं दवा
हिमाचल बच्चों को पोलियो दवा पिलाई जाएगी. पर्यटन स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और होटलों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय रहेंगी

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 20, 2025 at 3:03 PM IST
|Updated : December 21, 2025 at 10:44 AM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में नन्हे बच्चों को सुरक्षित भविष्य देने के संकल्प से 'दो बूंद जिंदगी की' अभियान के तहत प्रदेश भर में लाखों बच्चों को पोलियो खुराक पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रह जाए. खास बात ये रही कि इस अभियान में केवल स्थानीय बच्चों ही नहीं, बल्कि प्रदेश में घूमने आए पर्यटकों के बच्चों को भी पूरी तरह कवर करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.
पहाड़ों की वादियों में बसे गांवों से लेकर पर्यटन स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और होटलों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय रहेंगी. प्रदेश के पर्यटन स्थलों में विशेष बूथ लगाकर सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी बच्चा, चाहे वो हिमाचल का हो या सैर-सपाटे पर आया मेहमान, पोलियो की खुराक से छूट न जाए. इस व्यापक अभियान का संदेश साफ है कि पोलियो मुक्त भारत की दिशा में हिमाचल न सिर्फ अपनी जिम्मेदारी निभाएगा, बल्कि हर उस बच्चे की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रहा है, जो इन हरेभरे खूबसूरत पहाड़ों में को निहारने को आएगा.
5793 बूथ पर पिलाई जाएगी दवा
हिमाचल प्रदेश में नेशनल इम्यूनाईजेशन डे 21 दिसंबर को एक साथ 5793 बूथ पर जीरो से पांच साल तक के आयु के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी. नेशनल हेल्थ मिशन के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को आंगनबाड़ी और आशा वर्करों के माध्यम से परिजनों को सभी पांच वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने के लिए जागरूक किया गया है. नेशनल हेल्थ मिशन के तहत एक ही दिन में 6.24 लाख बच्चों को एक साथ पल्स पोलियो खुराक पिलाई जाएगी.
अस्पताल-डिस्पेंसरियों में पहुंचाई गई खुराक
प्रदेश के तहत सभी जिलों में स्थित सभी अस्पतालों और डिस्पेंसरियों में यह खुराक पहुंचाई गई है. नेशनल हेल्थ मिशन के तहत पर्यटकों के बच्चों को भी प्रदेश के हर पर्यटन स्थल पर पल्स पोलियो खुराक पिलाने की व्यवस्था की गई है. प्रदेश के सर्वाधिक पर्यटन क्षेत्र शिमला, कुफरी,मनाली, डलहौजी, धर्मशाला आदि क्षेत्रों में पर्यटक अपने पांच वर्ष के बच्चों को किसी भी अस्पताल व डिस्पेंसरी में पोलियो की खुराक पिला सकते हैं.
किस जिला में कितने बूथ
प्रदेशभर में 5793 बूथों पर जीरो से पांच वर्ष तक के आयु के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी. इसमें बिलासपुर जिला में 272, चंबा 542, हमीरपुर 282, कांगड़ा 1010, किन्नौर 100, कुल्लू 393, लाहौल स्पीति 50, मंडी 1103, शिमला 712, सिरमौर 538, सोलन 424 व ऊना जिला में 364 बूथ पर पोलियो खुराक पिलाई जाएगी.
इतने बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने का लक्ष्य
प्रदेशभर में सभी 12 जिलों के तहत 5793 बूथ पर जीरो से पांच वर्ष तक के आयु के 6.24 लाख बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी. इसमें बिलासपुर जिला में 29000, चंबा में 47,000, हमीरपुर 28000, कांगड़ा 105,000, किन्नौर 5500, कुल्लू 38000, लाहौल स्पीति 2500, मंडी 1,12,000, शिमला 62,000, सिरमौर 55,000, सोलन 45,000 व ऊना जिला में 35,000 बच्चों को पोलियो खुराक पिलाई जाएगी.
नेशनल हैल्थ मिशन शिमला के स्टेट इम्यूनाइजेशन ऑफिसर डा. रविंद्र कुमार का कहना है कि 'प्रदेश में जीरो से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियों खुराक पिलाई जाएगी. इसके लिए सभी से पांच वर्ष तक के बच्चों को अस्पताल या डिस्पेंसरियों में पहुंचा कर पोलियो खुराक पिलाने की अपील की गई है. बच्चों को अस्पताल पहुंचाने के लिए अभिभावकों को आंगनबाड़ी और आशा वर्करों के माध्यम से जागरूक किया गया है. नेशनल हेल्थ मिशन के तहत पर्यटकों के बच्चों को भी राज्य के प्रत्येक पर्यटन स्थल पर पल्स पोलियो खुराक पिलाने की व्यवस्था की गई है. हिमाचल घूमने आए सैलानी अपने पांच वर्ष के बच्चों को किसी भी अस्पताल व डिस्पेंसरी में पोलियो की खुराक पिला सकते हैं.'

