'दालमंडी सड़क चौड़ीकरण में लाएं तेजी'; सीएम योगी बोले- नोडल अधिकारी हर कार्य की करें मॉनिटरिंग
मुख्यमंत्री ने शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की.


By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 10:15 PM IST
वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था के प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने दालमंडी सड़क चौड़ीकरण के लिये भूमि अधिग्रहण के कार्यों को शीघ्रता से किए जाने के साथ ही सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए.
उन्होंने इससे संबंधित न्यायालयों में लंबित मामलों की उचित पैरवी कर शीघ्रता से निस्तारण सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में दर्शन पूजन भी किया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रात्रि वितरण काशी में ही करेंगे और कल सुबह नेशनल वॉलीबॉल टूर्नामेंट में भी मौजूद रहेंगे. इस प्रतियोगिता की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल तरीके से करेंगे और सीएम योगी के साथ अन्य मंत्री भी स्टेडियम में रहेंगे.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में बाढ़ बचाव से सम्बन्धित कार्यों के लिये जनप्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए उनके सुझावों को भी प्रस्तावों में शामिल करें. वरुणा नदी पुनरोद्धार के लिये आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए.
#WATCH | वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। pic.twitter.com/C53ZQVe8Ss
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 3, 2026
उन्होंने नाविकों से लगातार संवाद बढ़ाये जाने पर जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े. उन्होंने कहा कि घाट श्रद्धालुओं के लिए हैं जो पवित्रता का स्थल है, वहां किसी भी तरह का धरना प्रदर्शन तथा अराजकता स्वीकार्य नहीं होगी.
उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी हर कार्य की मॉनिटरिंग करें. मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि सीवरेज तथा पेयजल के लिए नगर निगम तथा जलनिगम अपनी कार्यप्रणाली पर गंभीरता से नजर रखें और यह सुनिश्चित करें कि नागरिकों को हर हालत में शुद्ध पेयजलापूर्ति मिले. सड़कों पर अनावश्यक जाम रोकने के लिये वेडिंग जोन बनाकर रिक्शे तथा ठेले को व्यवस्थित करें तथा उपयुक्त स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाकर अवैध टैक्सी स्टैंड, बस स्टैंड, रिक्शा स्टैंड को वहां व्यवस्थित करें.
उन्होंने निर्देश दिया कि ठंड के दृष्टिगत पर्याप्त रैन बसेरे संचालित हों तथा वहां पर पर्याप्त मात्रा में कंबल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित हों. नगर निगम एवं विकास प्राधिकरण को नागरिकों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित कराए जाने के लिये निर्देशित किया.
#WATCH | वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काल भैरव मंदिर में पूजा-अर्चना की। pic.twitter.com/IxIkSe4ycN
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 3, 2026
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम तथा अन्य कार्यदायी संस्थाएं अपनी विकास परियोजनाओं को जनप्रतिनिधियों से भी अवलोकित कराएं. माघ मेले को लेकर विशेष तैयारियों समेत सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. राजस्व वादों का ससमय गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित हो. पुलिस, होमगार्ड्स समेत अन्य बलों को अपनी कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया.
उन्होंने कहा कि पर्यटकों एवं आमजन के प्रति उनका व्यवहार सहयोगी हो. उन्होंने जनपद में हुक्का बार समेत अन्य अनैतिक गतिविधियों पर सख्ती बरतने के भी निर्देश दिए. सड़क पर कोई भी वाहन खड़ा न हो, इसको सुनिश्चित किया जाए. मॉल के पार्किंग क्षेत्र का उपयोग पार्किंग के लिये होना सुनिश्चित हो. साइबर थाना तथा हेल्पडेस्क को सक्रिय करें, जिससे साइबर अपराधों पर अंकुश लगे.

थानावार अवैध कब्जे करने वाले माफिया, पेशेवर गुंडे, चेन स्नेचरों को पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें. माघ मेले तथा आगामी पर्वों को देखते हुए तैयारी रखें. सभी विभाग काशी की वैश्विक छवि को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिये लगातार प्रयासरत रहें. जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपद में निर्माणाधीन विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी.
जिसमें उन्होंने बताया कि 2014 से 2025 तक कुल 486 प्रोजेक्ट्स 35155 करोड़ के पूरे किए गए हैं. वर्तमान में 17915 करोड़ के कुल 128 प्रोजेक्ट्स गतिमान हैं, जिसमें सड़क व पुल के 24 प्रोजेक्ट्स 5812 करोड़ शामिल हैं. पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कानून व्यवस्था, गौ तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, साइबर अपराध समेत यातायात व्यवस्था की जानकारी मुख्यमंत्री को जानकारी दी.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भीषण शीतलहर में ठंड से ठिठुरते लोगों को राहत पहुंचाते हुए उन्हें कंबल एवं भोजन के पैकेट भी उपलब्ध कराया और उनकी कुशलक्षेम पूछी. छोटे बच्चों को उन्होंने चॉकलेट दिए, तो बच्चों के खुशी का ठिकाना न रहा. उन्होंने लोगों से कहा कि ठंड में उन्हें बाहर सड़क पर खुले आसमान के नीचे कतई न सोएं. रैनबसेरा आप ही लोगों के लिए बनवाया गया है.
उन्होंने रैनबसेरा में शरण लिए लोगों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और पूछा कि कोई कमी तो नहीं हैं? उन्होंने बताया कि सबकुछ दुरुस्त है. बिछाने के लिए बिस्तर और ओढ़ने के लिये पर्याप्त कंबल आदि मिलने के साथ ही तापने के लिये अलाव आदि की भी समुचित व्यवस्था है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अत्यधिक ठंड के चलते यह सुनिश्चित किया जाये कि कोई भी व्यक्ति रात्रि में सड़कों के किनारे अथवा खुले आसमान में न रहने पाए, ऐसे गरीब एवं असहाय लोगों को रैनबसेरा में रहने के लिए कहा जाए. रैनबसेरों में समुचित साफ-सफाई, शौचालयों, प्रकाश, बिस्तर आदि की उचित व्यवस्था के साथ ही अलाव की व्यवस्था हर हालत में सुनिश्चित किया जाए.

