ETV Bharat / state

काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार का CM ने लिया संज्ञान, अधिकारियों को दी हिदायत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14.2 एकड़ जमीन पर बन रहे मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की बैठक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की बैठक (Photo credit: जिला सूचना विभाग)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : March 1, 2026 at 10:14 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंचे. रविवार को उन्होंने सर्किट हाउस में समिति के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान उन्होंने विकास कार्य एवं निर्माण परियोजनाओं की भी जानकारी ली.

जिला सूचना विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ धाम में दर्शनार्थियों के साथ हुए दुर्व्यवहार मामले पर भी कड़ा रुख इख्तियार किया. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए. उन्होंने पुलिस एवं मंदिर प्रशासन को व्यवस्था में उचित सुधार लाने के निर्देश दिए.


सीएम योगी ने निर्माण परियोजनाओं की जानकारी ली.
सीएम योगी ने निर्माण परियोजनाओं की जानकारी ली. (Photo credit: जिला सूचना विभाग)

उन्होंने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में निर्मित दुकानों तक श्रद्धालुओं की पहुंच सुनिश्चित करने साथ ही विक्रय की जाने वाली सामग्रियों का रेट वाजिब रखा जाए. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.




मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी धार्मिक क्रियाकलाप धार्मिक स्थल परिसर में ही किया जाए. कोई भी नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी. उन्होंने मैनपावर बढ़ाकर मणिकर्णिका एवं हरिश्चंद्र घाट के निर्माण कार्य में तेजी लाए जाने का निर्देश दिया.

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि घाटों एवं मंदिरों के पास निर्माण कार्य के दौरान किसी भी ऐतिहासिक धरोहर का प्रत्येक दशा में संरक्षण किया जाए. उन्होंने कहा कि बेतरतीब कार्य न हों तथा कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों का मरम्मत प्राथमिकता पर सुनिश्चित कराया जाए.

सीएम योगी ने किया निरीक्षण
सीएम योगी ने किया निरीक्षण (Photo credit: जिला सूचना विभाग)

कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोडिन कफ सिरप के मामलों में अवैध कारोबार में शामिल वास्तविक जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए. अवैध एवं जहरीली शराब की बिक्री कतई न होने पाए, यह सुनिश्चित किया जाए. शराब के अवैध टांसपोर्टेशन पर कड़ी नजर रखें.


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14.2 एकड़ जमीन पर बन रहे मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने कार्य में तेजी लाये जाने के साथ ही निर्धारित समयावधि में कार्य को पूरा कराए जाने पर विशेष जोर दिया.

उन्होंने नियमित रूप से निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग कराये जाने का निर्देश दिया. बताया गया कि इस मेडिकल कॉलेज में लगभग 150 एमबीबीएस के छात्रों की पढ़ाई होगी. वर्ष 2027 में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा.

सीएम योगी ने बाबा काल भैरव के दर्शन किये
सीएम योगी ने बाबा काल भैरव के दर्शन किये (Photo credit: जिला सूचना विभाग)

सिविल कार्य पर लगभग 150 करोड़ की धनराशि का व्यय होगा. इस दौरान सीएम योगी ने बाबा काल भैरव के दर्शन किये. उसके बाद बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचे, जहां अभिषेक कर बाबा का आशीर्वाद लिया.



इसी क्रम में सर्किट हाउस में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भी पार्टी पदाधिकारी के साथ बैठक की. बैठक में उन्होंने जनसेवा की राह में आने वाली चुनौतियों के समाधान, कार्यशैली में नवाचार तथा संगठन को अधिक प्रभावी, गतिशील एवं जनकेंद्रित बनाने पर विस्तार से चर्चा की.

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने मतदाता गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि दो दिन बाद होली का पावन पर्व है. इस अवसर पर सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर जाकर मतदाताओं से मिलें, उन्हें होली की शुभकामनाएं दें तथा यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम SIR के दौरान अनमैप न हुआ हो.

उन्होंने निर्देश दिया कि यदि किसी मतदाता को नोटिस प्राप्त हुई हो तो उसका कारण जानें तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित प्रपत्र बीएलओ के पास जमा कराएं. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए.

यह भी पढ़ें : सीएम योगी के वाराणसी दौरे पर टूटा चीन का गुरूर, 251446 पौधों का सफल रोपण कर ध्वस्त हुआ ड्रैगन का वर्ल्ड रिकॉर्ड