CM रेखा गुप्ता ने गोवा क्लब आगजनी हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को सौंपे 10 लाख के चेक
गोवा क्लब आग हादसा: जिन परिवारों ने इस हादसे में अपनों को खो दिया, आज सीएम ने उन्हें 10 लाख के चेक प्रदान किए.

Published : February 9, 2026 at 9:05 PM IST
नई दिल्ली: गोवा के अरपोरा में 6 दिसंबर को ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब में भीषण आग हादसे में दिल्ली के सादतपुर एक्सटेंशन निवासी व्यवसायी विनोद कुमार (42), अनिता जोशी (42), सरोज जोशी (41) और कमला जोशी (44) की दर्दनाक मौत हो गई थी..
इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों को खोने वाली पीड़िता भावना जोशी और अन्य परिजनों को आज, 9 फरवरी को दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 10-10 लाख रुपए (कुल 40 लाख रुपये) की सहायता राशि सौंपी.
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं करावल नगर से विधायक कपिल मिश्रा भी उपस्थित रहे. दिल्ली सरकार ने इस गंभीर त्रासदी में पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया.

कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि गोवा आगजनी हादसे में दिल्ली के एक ही परिवार के चार सदस्यों की मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक थी. यह केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि गंभीर लापरवाही का परिणाम भी थी. हादसे के तुरंत बाद वो परिजनों से जाकर मिले और मुख्यमंत्री द्वारा मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रूपये देने की घोषणा से अवगत कराया. आज मुख्यमंत्री ने परिजनों से मिलकर संवेदना जताई और हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया साथ ही कुल 40 लाख रुपए की सहायता राशी सौंपी गई.
पीड़िता भावना जोशी ने कहा कि इस हादसे ने मेरी पूरी जिंदगी बदल दी है. एक ही पल में मैंने अपने परिवार के चार लोगों को खो दिया. अब मेरे ऊपर तीन बुजुर्ग माता-पिता और चार बच्चों की जिम्मेदारी आ गई है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी और मंत्री कपिल मिश्रा द्वारा दी गई सहायता इस मुश्किल समय में मेरे लिए बहुत बड़ा सहारा है.
ये भी पढ़ें- गोवा अग्निकांड में दिल्ली के एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, परिवार में पसरा मातम
ये भी पढ़ें- गोवा अग्निकांड: CM रेखा गुप्ता ने की अहम बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश; बोलीं- 'एनओसी प्रक्रिया होगी पारदर्शी'

