पंचकूला से 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की मुख्यमंत्री ने दी बधाई, सीएम ने योग पुस्तक व पोर्टल लॉन्च किया
पंचकूला सेक्टर 5 स्थित रेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सीएम सहित कई देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.

Published : June 21, 2026 at 10:55 AM IST
|Updated : June 21, 2026 at 12:35 PM IST
पंचकूला: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आज पंचकूला सेक्टर 5 स्थित रेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि पहुंचकर प्रदेशवासियों को संबोधित किया. उन्होंने पहले कोलकाता से देश-विदेश के प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुना. इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा वासियों समेत कार्यक्रम में शामिल हुए 16 मित्र देशों के प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी.
योग एक सूत्र में जोड़ता है: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि "यह अवसर भारत की उस सनातन चेतना का उत्सव है, जिसने हजारों वर्षों से मानव को शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का मार्ग दिखाया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता से वैश्विक योग अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं. "इसके साथ ही पंचकूला की पावन धरती पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में 16 मित्र देशों के सैकड़ो युवाओं ने भाग लिया है. इनकी सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि योग सीमाओं, भाषा और संस्कृतियों से परे संपूर्ण मानवता को एक सूत्र में जोड़ने की क्षमता रखता है.
स्वस्थ आयु के लिए योग: मुख्यमंत्री ने उन लाखों लोगों का अभिनंदन किया, जो हरियाणा के हर जिले, ब्लॉक, गांव और हर शहर में योग के माध्यम से स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध जीवन का संकल्प ले रहे हैं. इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग है. मुख्यमंत्री ने कहा कि "कोविड महामारी के दौरान योग और प्राणायाम ने लाखों लोगों को मानसिक शक्ति और आत्मविश्वास प्रदान किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को भी नमन, जिसने भारत की सांस्कृतिक शक्ति को विश्व मंच पर स्थापित किया. उन्होंने कहा, यह सुनिश्चित करना होगा कि हरियाणा स्वस्थ जीवन शैली की भी अग्रणी भूमि बने. इसी लक्ष्य के तहत डबल इंजन सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर काम कर रही है. रोजाना केवल 30 मिनट योग को दीजिए, आपका शरीर भी आपका धन्यवाद करेगा और आपका मन भी. योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का विषय नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का भी आधार है."
योग फॉर हेल्दी एजिंग: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि "स्वस्थ शरीर स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए मिलकर योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लें. संकल्प लें कि योग फॉर हेल्दी एजिंग को जीवन का दर्शन बनाएंगे. इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव समेत हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता व अन्य नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे."
स्वामी रामदेव की पुस्तक का विमोचन: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव समेत अन्य नेताओं ने मंच से स्वामी रामदेव की आसन-प्राणायाम-शोधन क्रिया और ध्यान पर आधारित पुस्तक का लोकार्पण भी किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने आयुष विभाग की पहल पर वृद्ध सेवा और स्वास्थ्य पोर्टल को भी लॉन्च किया. इसके साथ ही बताया गया कि अब सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में गुरुवार के दिन वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच, उपचार व फॉलोअप किए जाएंगे. साथ ही आवश्यकता पड़ने पर उच्च संस्थानों में रेफरल भी किया जाएगा.
संजीवनी कार्यक्रम का शुभारंभ: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव समेत अन्यों ने इस दौरान रिमोट का बटन दबाकर संजीवनी कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया. इस कार्यक्रम के तहत ओपीडी और आईपीडी में आने वाले मरीजों को आयुष चिकित्सक, योग विशेषज्ञ योग, दिनचर्या और जीवन शैली का मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा.

