भोपाल से बोंदरी आने में सीएम को लगे 25 साल, बालाघाट के नक्सल गढ़ में सैंकड़ो करोड़ की बहार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बने मध्य प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री जो पहुंचे नक्सलियों के गढ़ बोंदरी गांव. भोपाल से बालाघाट लेकर आए 225 करोड़ की सौगात. शिफाली पांडे की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 29, 2026 at 4:00 PM IST
|Updated : August 29, 2026 at 5:42 PM IST
भोपाल/बालाघाट: नक्सल प्रभावित रहे बालाघाट के बोंदारी गांव में आदिवासी क्या अब राहत की सांस ले पा रहे हैं? तरक्की इस गांव से अभी कितनी दूर है, बुनियादी सुविधाओं का क्या हाल है. ग्रामीणों की जरूरतें क्या हैं? ये तमाम सवाल लिए मोहन सरकार रक्षाबंधन के ठीक एक दिन बाद बदलाव का भरोसा लिए जन विश्वास अभियान के तहत इस गांव में पहुंची. नक्सल प्रभावित रहे बालाघाट के विकास के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 225 करोड़ के विकास कार्यों का ऐलान किया. मोहन यादव इकलौते मुख्यमंत्री हैं जो 25 साल बाद इस सघन नक्सल प्रभावित रहे गांव में पहुंचे हैं.
बालाघाट पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार बालाघाट की तस्वीर को बदलने के लिए बड़े बजट पर काम कर रही है. यहां पूर्व नक्सल प्रभावित रहे 100 गांवों का विकास किया जाएगा. इसके लिए 225 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इस दौरान सीएम ने गंभीर बीमारी में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की.
नक्सल मुक्त होने के बाद अब रोजगार सबसे बड़ी चुनौती
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सबसे ज्यादा जोर इस बात पर दिया कि चिकित्सा और शिक्षा की सुविधाएं बढ़ाए जाने के साथ ही यहां रोजगार के मौके बढ़ाए जाने की सबसे ज्यादा जरूरत है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन सुविधाओं को क्षेत्र में बेहतर ढंग से स्थापित करने और शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने के निर्देश दिए.

ग्रामीणों को देंगे स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब सुरक्षा के साथ विकास और विकास के साथ रोजगार को प्राथमिकता दी जा रही है. ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाने तथा युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए खास कोशिश की जाएगी.

- मध्य प्रदेश के 56 लाख बच्चों को मोहन सरकार का गिफ्ट, ड्रेस के लिए सीधे खाते में भेज रहे पैसा
- मध्य प्रदेश में 10 हजार सरकारी कर्मचारियों की भर्ती! ये है मोहन सरकार का नया प्लान
मुख्यमंत्री ने बालाघाट जिले के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से 225 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की. इन कार्यों के जरिए यहां का बुनियादी ढांचे को फिर खड़ा किया जाएगा. जिसमें सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, कृषि के लिए संसाधन जुटाने के साथ रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएंगे.
मोहन बोले, पीएम मोदी के प्रयासों से बालाघाट हुआ नक्सल फ्री
बालाघाट पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में बालाघाट की जनता नक्सली समस्या से त्रस्त थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में हमने बालाघाट को नक्सलमुक्त करने में सफलता प्राप्त की है. हम बालाघाट के जनजातीय भाई-बहनों के उत्थान और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को बालाघाट जिले के पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे ग्राम बोंदारी पहुंचकर ग्रामवासियों से संवाद भी किया और क्षेत्र के विकास तथा ग्रामीणों की आवश्यकताओं पर चर्चा भी की. इस मौके पर प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, सांसद श्रीमती भारती पारधी, मंत्री संपतिया उइके भी मौजूद रहे.

