ETV Bharat / state

फिरोजाबाद में सहारा बनी मुख्यमंत्री आवास योजना, 232 लाभार्थियों को मिले पक्के घर के सर्टिफिकेट

टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर ने बताया कि 232 पात्र परिवारों को 'मुख्यमंत्री आवास योजना' के तहत पक्के घर के प्रमाण पत्र सौंपे गये.

Photo Credit: ETV Bharat
पात्रों को प्रमाण पत्र सौंपे गये. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 8, 2026 at 9:12 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

फिरोजाबाद: जिला प्रशासन ने गुरुवार को 232 पात्र परिवारों को 'मुख्यमंत्री आवास योजना' के तहत पक्के घर के प्रमाण पत्र सौंपे. कड़ाके की ठंड के बीच पक्की छत का यह तोहफा निराश्रित महिलाओं, दिव्यांगों और वंचित समुदायों के लिए नए साल का सबसे बड़ा उपहार है.

समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वंचितों को मिली प्राथमिकता: वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक जिले के कुल 1207 जरूरतमंदों को इस योजना का लाभ मिल चुका है. विकास खंड नारखी में हुए कार्यक्रम में टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह और ब्लॉक प्रमुख रविता चक ने मुख्यमंत्री आवास योजना' के तहत लाभार्थियों को प्रमाण पत्र बांटे.

समाज में गरिमा और मान-सम्मान बढ़ेगा: इस योजना के तहत विशेष रूप से प्राकृतिक आपदाग्रस्त परिवारों, कुष्ठरोग प्रभावितों, नट, लोहार जैसे घुमंतू समुदायों, दिव्यांगजनों और निराश्रित विधवा महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर चुना गया है. सिर पर पक्की छत होने से न केवल इन परिवारों को मौसम की मार से सुरक्षा मिलेगी, बल्कि समाज में उनकी गरिमा और मान-सम्मान भी बढ़ेगा.

पारदर्शिता के साथ लाभार्थियों का चयन: जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बताया कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है. फिरोजाबाद में हमने पूरी पारदर्शिता के साथ लाभार्थियों का चयन किया है. हमने पात्रों को प्रमाण पत्र सौंपे हैं, ताकि वे निर्माण कार्य शुरू कर सकें.

लाभार्थियों की आंखों से छलके खुशी के आंसू: पति की मौत के बाद कच्चे छप्पर में बच्चों के साथ रह रहीं गढ़ी श्रीराम निवासी रुचि कुमारी ने कहा कि ठंड में हर पल डर लगता था कि छप्पर गिर न जाए. अब मुख्यमंत्री आवास योजना से मेरा अपना पक्का घर बनेगा. यह नए साल का सबसे अनमोल उपहार है. वहीं गढ़ी सिरधारी निवासी दिव्यांग लाभार्थी भूरी सिंह ने कहा कि एक दिव्यांग के लिए घर बनाना पहाड़ जैसा कठिन काम था. सालों तक दूसरों की दया पर निर्भर रहा, लेकिन अब जल्द निर्माण कार्य शुरू कराएंगे.

आवास के साथ मिल रहा योजनाओं का लाभ: इस दौरान टूण्डला विधायक प्रेमपाल धनकर ने कहा कि योगी सरकार की दूरदर्शिता का प्रमाण यह है कि लाभार्थियों को केवल मकान ही नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवन आधार दिया जा रहा है. इन आवासों के साथ- साथ लाभार्थियों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय और आयुष्मान हेल्थ कार्ड जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है.

गरीब की चौखट पर विकास की किरण: उन्होंने कहा कि सरकार का यह समन्वित प्रयास सुनिश्चित करता है कि प्रदेश में विकास की किरण अब हर गरीब की चौखट तक बिना किसी भेदभाव के पहुंच रही है. कार्यक्रम में परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपायुक्त श्रम रोजगार सुभाष चंद्र और खंड विकास अधिकारी ओम प्रकाश यादव सहित अन्य विभागीय अधिकारी और गांव के लोग उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें- CM योगी के शहर में 44 हेल्थ एटीएम 'बीमार', कैसे हो गरीब मरीजों की फ्री जांच?