ETV Bharat / state

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने बरवाला में किया नई अदालत का शुभारंभ, कोर्ट कॉम्प्लेक्स की रखी आधारशिला

भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने बरवाला और हांसी में कई भवनों का शिलान्यास और उद्घाटन किया.

Chief Justice Justice Surya Kant
भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत हिसार के बरवाला में उपमंडल न्यायालय कार्यालय का उद्घाटन करते हुए (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : January 10, 2026 at 8:42 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

हिसारः भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि "सभी व्यक्तियों को जल्द न्याय मिले, इसके लिए उनके नजदीक अदालतें स्थापित की जा रही है. अदालतें जितनी नजदीक होगी, उतना ही व्यक्ति अपने अधिकारों की रक्षा के लिए न्याय की लड़ाई लड़ सकता है." मुख्य न्यायाधीश बरवाला में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे. इससे पहले न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने बरवाला में बनी अदालत का शुभारंभ किया. उसके साथ ही बनने वाले नए कोर्ट कॉम्पलेक्स की आधारशिला रखी. उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मौके पर पौधारोपण भी किया.

'नई अदालतों की स्थापना का मूल उद्देश्य एक्सेस टू जस्टिस': न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि "नई अदालतों की स्थापना का मूल उद्देश्य एक्सेस टू जस्टिस यानी आम नागरिक तक न्याय को सरल, सुलभ और सस्ता बनाना है." उन्होंने हरियाणा सरकार को बधाई देते हुए कहा कि "बरवाला और नारनौंद में सोमवार से न्यायिक कार्य प्रारंभ हो जाएगा. उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने प्रत्येक राज्य में हाईकोर्ट की व्यवस्था इसी सोच के साथ की थी कि नागरिकों को अपने मौलिक, नागरिक और मानवाधिकारों के लिए दिल्ली तक न जाना पड़े, बल्कि वे अपने ही राज्य में न्याय प्राप्त कर सकें."

'आमजन को गुणवत्तापूर्वक न्याय भी मिलना चाहिए': न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने हरियाणा सरकार का आभार जताते हुए कहा कि "राज्य सरकार ने न्यायिक अवसंरचना के विकास में सदैव सहयोग किया है." उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान वे हाईकोर्ट की बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन भी रहे और हरियाणा में कई न्यायिक परिसरों के निर्माण में सरकार से समय पर आर्थिक सहायता मिली." उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि "पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मार्गदर्शन में न्यायिक अधिकारी आम आदमी के कष्टों को समझते हुए न्याय प्रदान करेंगे और गुणवत्ता पूर्ण न्याय देने में प्रदेश देश में अग्रणी बनेगा. न्याय आपके द्वार की अवधारणा पर चलते हुए आमजन के पास न्यायिक परिसरों का निर्माण किया जा रहा है, जोकि गरीब व्यक्तियों के लिए न्याय प्राप्त करने में काफी कारगर साबित हो रहे है, जहां निरंतर आधारभूत संरचना का विकास हो रहा है. आमजन को गुणवत्तापूर्वक न्याय भी मिलना चाहिए."

'आज का दिन हिसार जिला के लिए गौरव का दिन है': कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत का अपनी पैतृक धरती पर आगमन पर स्वागत करते हुए कहा कि "आज का दिन हिसार जिला के लिए गौरव का दिन है. अपनी न्यायिक सूझबूझ से न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने हरियाणा के साथ-साथ देश का मान बढ़ाया है. आज वे न्यायिक प्रक्रिया में सर्वोच्च शिखर पर पहुंचे है जोकि युवाओं के लिए प्रेरणादायक है. प्रदेश सरकार न्याय ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है. न्याय की चौखट आम जन तक पहुंच रही है, अब लोगों को न्याय के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा."

मुख्य न्यायाधीश को स्मृति चिन्ह भेंट कियाः कार्यक्रम में बार प्रधान दिनेश सैनी ने मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत को स्मृति चिन्ह भेंट किया. इस अवसर पर विधायक रणधीर पनिहार, उपायुक्त महेंद्र पाल, एसपी शशांक आनंद, पूर्व सांसद डी.पी. वत्स, पूर्व मंत्री अनूप धानक, एसडीएम वेद प्रकाश, एडवोकेट मनोज, एडवोकेट नवदीप चहल सहित अन्य अधिवक्ता गण मौजूद रहे.

मौके पर कई प्रमुख लोग थे मौजूदः कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति शील नागू, पंजाब हरियाणा उच्च न्यायालय की न्यायाधीश अलका सरीन, न्यायाधीश एच. एस. सेठी, जिला एवं सत्र न्यायाधीश अलका मलिक, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ईशा खत्री व सौरव खत्री, एसीजेएम अनुराधा, बार एसोसिएशन के प्रधान दिनेश सैनी भी मौजूद थे.

हांसी में शीघ्र स्थापित होगी सेशन डिवीजन : मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत
देश के माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि "हांसी में शीघ्र ही सेशन डिवीजन स्थापित की जाएगी. हांसी को प्रदेश का 23वां जिला बनाने के बाद यहां हांसी वासियों के लिए एक और सुविधा होगी. आमजन को न्याय पहुंचाने की दिशा में यह डिवीजन महत्वपूर्ण साबित होगी."

'न्याय को हर गरीब व्यक्ति के द्वार तक लेकर जाएंगे': न्यायमूर्ति सूर्यकांत नारनौंद स्थित उपमंडल न्यायिक परिसर में नारनौंद उपमंडल न्यायालय के शुभारंभ और उपमंडल न्यायिक परिसर के शिलान्यास के बाद बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे. न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि "नारनौंद में उपमंडलीय न्यायालय की स्थापना होना हर्ष का विषय है." उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि "वे न्याय को हर गरीब व्यक्ति के द्वार तक लेकर जाएंगे. संविधान में सभी को एक समान रूप से न्याय प्राप्त करने का अधिकार दिया है. न्यायपालिका द्वारा गरीब लोगों तक सुलभ न्याय देने के लिए कार्य किया जा रहा है."

न्यायिक परिसर पर 21 करोड़ होगा खर्चः मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता सकारात्मक सोच के साथ लंबित मामलों को निपटाए. गौरतलब है कि उपमंडलीय न्यायिक परिसर पर 21 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी. इस न्यायिक न्यायालय परिसर का निर्माण 7255.30 वर्ग मीटर/1.79 एकड़ में किया जाएगा. न्यायिक न्यायालय परिसर में भू-तल, प्रथम तल तथा द्वितीय तल पर विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी. भू-तल पर न्यायालय कक्ष, साक्षी कक्ष सहित अन्य कक्ष, प्रथम तल पर फैमिली कोर्ट, मध्यस्थता कक्ष और द्वितीय तल पर ममटी और मशीन रूम का निर्माण होगा.

अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया सम्मानितः नारनौंद बार एसोसिएशन की ओर से मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश शील नागू व हरियाणा के जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश हरसिमरन सिंह सेठी, हिसार डिवीजन की प्रशासनिक न्यायाधीश अलका सरीन, हिसार की जिला एवं सत्र न्यायाधीश अलका मलिक, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, सफीदों विधायक रामकुमार गौतम, स्थानीय विधायक जस्सी पेटवाड़, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल चंद्रशेखर, हांसी के उपायुक्त राहुल नरवाल, पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे.

ये भी पढ़ें-6.80 लाख मामलों के बोझ तले दबा पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट, 25 जजों की कमी, न्याय प्रक्रिया में पड़ रहा असर