नए साल की पार्टी के लिए पोल्ट्री फार्म से मुर्गा मुर्गी की चोरी
आरोपी ना सिर्फ फार्म से चिकन लेकर भागे बल्कि संचालक की जमकर पिटाई भी कर दी.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 2, 2026 at 7:32 AM IST
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. जहां पर नए साल की पार्टी के लिए पोल्ट्री फार्म से मुर्गा मुर्गी की लूट हुई है. अज्ञात बदमाश अपने साथ धारदार हथियार लेकर फार्म पहुंचे थे. आरोपियों ने संचालक की पिटाई भी कर दी है.
नये साल पर चिकन पार्टी के लिए मुर्गा चोरी
कुरूद के ग्राम दर्री स्थित मुर्गी फार्म में ये घटना सामने आई है. यहां जागेश्वर देवांगन का मुर्गी फार्म है. 31 दिसंबर की रात लगभग 2 बजे पोल्ट्री फार्म में हलचल होने पर संचालक की नींद खुली. पोल्ट्री फार्म जाकर देखा तो तीन अज्ञात युवक पोल्ट्री फार्म में घुसे हुए थे. चोरों ने बड़ी संख्या में मुर्गियों को पकड़ रखा था. पोल्ट्री फार्म संचालक ने जब ये देखा तो उसने विरोध किया. जिसके बाद आरोपी युवकों ने संचालक की जमकर पिटाई कर दी और फरार हो गए.
पोल्ट्री फार्म से 20 मुर्गियों की चोरी, कैश भी ले गए बदमाश
माना जा रहा है कि बदमाशों ने न्यू ईयर पार्टी करने के लिए चोरी की घटना को अंजाम दिया. इधर बदमाशों की पिटाई से पोल्ट्री फार्म संचालक जागेश्वर देवांगन घायल हो गया. जिसे इलाज के लिए कुरुद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायल संचालक के बेटे ने बताया कि चोर फार्म से करीब 20 मुर्गियां एक इलेक्ट्रानिक कांटा और ढाई हजार रुपये लूटकर फरार हो गया है. बदमाशों अपने पास एक पेन नुमा चाकू भी रखे हुए थे. आरोपी चोर फार्म में लगी जाली काटकर अंदर घुसे थे.
मुर्गा चोरों की तलाश में धमतरी पुलिस
पीड़ित ने कुरूद थाने में शिकायत दर्ज कराई है. इस मामले पर कुरूद थाना प्रभारी चंद्रकांत साहू ने बताया कि जागेश्वर देवांगन की ओर से एक आवेदन मिला है, जिस पर उनके पोल्ट्री फार्म में अज्ञात आरोपियों द्वारा मुर्गा मुर्गी चोरी और मारपीट करने की शिकायत की गई है. मामले की जांच की जा रही है.

