चोरी के आरोप में नौकरों को पोल से बांधकर सरेआम पीटा, तमाशबीन बनी रही पुलिस
छिंदवाड़ा के चौरई नगर के चंदनवाड़ा बस स्टैंड की घटना. युवकों पर दुकान में चोरी करने का आरोप. युवकों की चीख-पुकार के बावजूद उनके साथ जारी रहती है मारपीट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 3, 2026 at 8:32 PM IST
छिंदवाड़ा: चौरई के चंदनवाड़ा रोड बस स्टैंड के पास दो युवकों को खंभे से बांधकर बेल्ट से पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया में सर्कुलेट हो रहा है. हैरान करने वाली बात यह है कि घटना के वक्त एक पुलिसकर्मी वहां पर मौजूद था. बताया जा रहा है कि दोनों युवकों पर दुकान में चोरी करने का आरोप है जिसके बाद दुकानदार ने अपनी दुकान के सामने खंबे में बांधकर उनकी बेल्ट से जमकर पिटाई की.
रात में दुकान में ही छिप गया नौकर, सीसीटीवी में दिखी वारदात
छिंदवाड़ा के चौरई नगर के चंदनवाड़ा बस स्टैंड में त्रिमूर्ति एवं कृषि केंद्र में चोरी के शक में दुकान पर काम करने वाले दो युवकों को खंभे से बांधकर बेल्ट से बेरहमी से पीटा गया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से सर्कुलेट हो रहा है. वीडियो में दोनों युवक बेबस हालत में खंभे से बंधे दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग लगातार बेल्ट से उनकी पिटाई करते नजर आ रहे हैं. युवकों की चीख-पुकार के बावजूद उनके साथ मारपीट जारी रहती है. दोनों युवकों पर दुकान में चोरी करने का आरोप है.
पुलिस की मौजूदगी में हुई पिटाई उठ रहे सवाल
चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के वीडियो में एक पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद दिख रहा है. वीडियो में वह कैमरे से खुद को बचाता नजर आता है और कथित तौर पर मारपीट को रोकने के बजाय युवकों को और पीटने की बात कहता सुनाई देता है. चौरई थाना प्रभारी मोहन मर्सकोले ने बताया कि दोनों युवक उसी दुकान में काम करते थे. उनमें से एक रात में दुकान बंद करते वक्त अंदर ही रह गया था. हालांकि दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत नहीं की है. थानेदार का कहना है कि वीडियो देखने के बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है.
- घरेलू नौकरानी पर फिसला कर्मचारी का दिल, अंतरंग संबंध बने, अब ब्लैकमेलिंग से तंग
- हाथ जोड़ छोड़ने के लिए गिड़गिड़ाता रहा युवक, जबलपुर में शख्स की बेरहमी से पिटाई के बाद बनाया वीडियो
40 हजार की हुई चोरी, पिता की मौजूदगी में पिटाई
पुलिस थाना प्रभारी मोहन मर्सकोले का कहना है कि दुकानदार के मुताबिक दुकान में करीब 40 हजार रुपये नगद रखे थे जो इन लोगों ने चुराए थे. सुबह आरोपी के पिता को भी बुलाया गया था. उसके पिता ने खुद दुकानदार को कहा कि अगर इन्होंने ऐसा काम किया है तो उनकी पिटाई की जानी चाहिए. जब आरोपियों की पिटाई हो रही थी तो उस समय आरोपी के पिता भी वहां मौजूद थे.

