पीने के पानी के लिए टैंकर गिफ्ट दो! कमलनाथ ने लिख दिया देश के बड़े-बड़े उद्योगपतियों को पत्र
बूंद-बूंद पानी के लिए तरसा छिंदवाड़ा, प्यास बुझाने कमलनाथ ने उद्योगपतियों से मांगी मदद, टैंकर गिफ्ट करने की मांग.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 30, 2026 at 10:14 AM IST
छिन्दवाड़ा : शहर में पिछले 7 दिनों से पानी नहीं आया है क्योंकि जिस डैम से छिंदवाड़ा में पेयजल की सप्लाई होती है, वो लगभग सूख चुका है. छिंदवाड़ा की जनता पीने के पानी के लिए तरस रही है और नगर निगम टैंकर भी पानी सप्लाई नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि पर्याप्त टैंकर ही नहीं है. ये आरोप लगाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भारत के प्रमुख उद्योगपतियों को छिंदवाड़ा में पानी के टैंकर गिफ्ट में देने के लिए पत्र लिख दिया है.
टैंकर गिफ्ट करने के लिए कमलनाथ ने लिखा पत्र
छिंदवाड़ा की जनता पीने के पानी के लिए तरस रही है. इन विषम परिस्थितियों को देखते हुए कमलनाथ ने देश के छह औघोगिक घरानों को पत्र लिखकर वर्तमान पेयजल संकट से अवगत कराते हुए पेयजल सप्लाई के लिए टैंकर मांग लिए हैं. उन्होंने उद्योगपतियों से निवेदन किया है, जिससे उन क्षेत्रों में आसानी से नियमित शुद्व पेयजल प्रदाय किया जा सके.

देश की बड़ी-बड़ी इंडस्ट्रीज को कमलनाथ का पत्र
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, बजाज ऑटो लिमिटेड, हीरो मोटर कॉर्प लिमिटेड कम्पनी, आईटीसी व भारती एंटरप्राइजेज को पत्र लिखकर छिन्दवाड़ा के लिए पानी टैंकर उपलब्ध कराने का निवेदन किया है. जिला मुख्यालय छिन्दवाड़ा सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में पेयजल संकट गहरा चुका है. लोग पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं. इस गम्भीर व विकराल समस्या को देखते हुए कमलनाथ ने पत्र लिखकर छिन्दवाड़ा में गहराए पेयजल संकट की कहानी बताई है.

कमलनाथ ने कहा, '' सीएसआर फंड के जरिए देश के नवनिर्माण एवं जनसमुदाय के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता से बहुत सम्मान हासिल किया है. छिन्दवाड़ा में एक जरूरी मानवीय पहल के लिए आप सभी सम्मानीय जनों का समर्थन चाहता हूं. इस क्षेत्र में बार-बार पड़ने वाले सूखे और लगातार गिरते भू जल स्तर के कारण छिन्दवाड़ा में पीने के पानी की भारी कमी हो गई है. कई ग्रामीण और आदिवासी गांवों को, खासकर गर्मियों के महीनों में पीने के शुद्ध पानी के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है.''
महापौर बोले- नगर निगम अलर्ट मोड पर, कराई जा रही व्यवस्था
छिंदवाड़ा में पेयजल संकट को लेकर नगर निगम महापौर विक्रम आहाके ने कहा, '' इस वर्ष बारिश की कमी के कारण कन्हरगांव डैम के लगातार घटते जलस्तर को देखते हुए नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. शहर में सुचारू जलप्रदाय बनाए रखने के लिए निरंतर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. इसी क्रम में आज जल संकट की स्थिति से निपटने और वास्तविक व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मेरे साथ नगर पालिक निगम कमिश्नर चंद्रप्रकाश राय, निगम जल सभापति मनोज कुशवाहा, भाजपा नेता मनोज सक्सेना एवं सहायक यंत्री (AE) विवेक चौहान सहित तकनीकी अधिकारियों की टीम ने कन्हरगांव डैम स्थल का संयुक्त रूप से बारीकी से निरीक्षण किया.''
यह भी पढ़ें-
- देश का सबसे बड़ा बीजों का गोला, मध्य प्रदेश के पर्यवरण प्रेमी ने बना दिया रिकॉर्ड
- 35 हजार नल कनेक्शन और बचा 3 दिन का पानी, छिंदवाड़ा में जुगाड़ से बुझेगी जनता की प्यास
महापौर ने आगे कहा, '' निरीक्षण दल द्वारा डैम में वर्तमान जल भंडारण की स्थिति, पंपों के संचालन और मुख्य जलापूर्ति व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई, जिससे आगामी दिनों में शहरवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. वर्तमान परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए और नागरिकों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से मौके पर ही त्वरित तकनीकी समाधान निकालते हुए पॉन्टून पंप (Floating Pump) के माध्यम से डैम का पानी नहर में छोड़ना प्रारंभ किया गया, जिससे पर्याप्त मात्रा में रॉ वॉटर भरतादेव फिल्टर प्लांट और शहर के वितरण तंत्र तक सुगमता से पहुंचाया जा सके.''

