होली पर स्किन केयर जरूरी, केमिकल वाले रंगों से त्वचा को हो सकता है नुकसान
होली पर केमिकल वाले रंगों से त्वचा को हो सकता है नुकसान, इससे बचने के लिए जानिए स्किन स्पेशलिस्ट डॉ. हर्षवर्धन लोंनकर की सलाह.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 2, 2026 at 5:26 PM IST
छिंदवाड़ा: होली को लेकर बाजार सज चुका है. दुकानों पर रंग और गुलाल की मांग बढ़ गई है. लेकिन होली पर रंग-गुलालों से त्वचा को बचाना भी जरूरी है. क्योंकि आजकल बाजार में कई तरह के केमिकल वाले रंग-गुलाल बेचे जा रहे हैं. ऐसे में यदि स्किन केयर नहीं रखा जाए, तो होली के रंग में भंग पड़ सकता है और स्वास्थ्य को बिगड़ सकता है. होली पर किन रंगों और गुलालों को उपयोग करना सुरक्षित रहेगा, आइए जानते हैं त्वचा विशेषज्ञ डॉ. हर्षवर्धन लोंनकर से.
हर्बल रंगों का प्रयोग करने की सलाह
स्वस्थ और सुरक्षित होली मनाने के लिए त्वचा विशेषज्ञ डॉ. हर्षवर्धन लोंनकर हर्बल गुलाल का प्रयोग करने की सलाह देते हैं. डॉ. हर्षवर्धन लोंनकर कहते हैं, "होली पर स्किन केयर न भूलें. इसके लिए हर्बल रंग और गुलाल का प्रयोग करें, ताकि त्वचा पर दुष्प्रभाव न पड़े. इसके साथ ही रंग खेलने से पहले शरीर के अंगों पर मॉइश्चराइजर, नारियल तेल, बादाम तेल, लोशन या क्रीम लगा लें. ये त्वचा पर एक लेयर की तरह बन जाती है, जिससे त्वचा को नुकसान नहीं पहुंचता है."
केमिकल वाले रंगों से हो सकती है समस्या
डॉ. हर्षवर्धन लोंनकर कहते हैं "रंगों का त्यौहार होली पर केमिकल वाले रंगों के कारण एलर्जी, एग्जिमा, शरीर पर लाल दाने, खुजली जैसी समस्याएं हो सकती है. इसके साथ ही रंग आंखों में चला जाए, तो आंखों में जलन या लालपन भी आ सकता है. इसके साथ ही गर्मी बढ़ गई है, तो अधिक देर तक धूप में होली खेलने या नाचने-गाने से डिहाईड्रेशन भी होता है. इसके रोकथाम के लिए समय-समय पर पानी पीते रहना चाहिए."

आंखों को रंग से बचाने का करें ये उपाय
डॉ. हर्षवर्धन लोंनकर बतातें हैं, "होली पर सूती कपड़े पहनें, जिससे पूरी बॉडी ढक जाए. वहीं, बालों को रंग से बचाने के लिए टोपी का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके साथ ही सिर में ऑयल, चेहरे पर मास्क और आंखों में चश्मा लगाकर खुद को सुरक्षित रख सकते हैं. यदि होली के रंग गलती से आंख में चला जाए, तो इसे धीरे-धीरे पानी से धोएं. आंखों को बहुत ज्यादा मलना या रगड़ना नहीं हैं, क्योंकि ये जलन बढ़ा सकता और नुकसान भी कर सकता है."

- बड़बोलिया को नहीं जला पाती होलिका दहन की आग, राख से निकाल घर ले आते हैं ग्रामीण
- बीजेपी सांसद ने बनाए गोबर के कंडे, बुरहानपुर में लकड़ी नहीं उपलों से होगा होलिका दहन
होली में शरीर पर लगे रंग को कैसे हटाएं
होली खेलने के बाद शरीर पर लगे रंगों को हटाना भी बहुत जरूरी होता है. जिसको लेकर डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि "घर में रखे हुए दूध, दही और ग्लिसरीन का उपयोग शरीर पर लगे रंग को हटाने के लिए कर सकते हैं. वहीं, स्नान करने के बाद त्वचा को ड्राईनेश से दूर करने के लिए एलोवेरा का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे आपकी बॉडी में मॉइश्चर बना रहेगा."

