रुकिए जनाब, सुनिए सिंगिस कॉप का सेफ ड्राइव का गीत, भा रहा लोगों को पुलिस का अंदाज
छिंदवाड़ा ट्रैफिक पुलिस के एएसआई अशोक कुमार का अनोखा अंदाज, सिग्नल पर गाना गाकर सिखा रहे ट्रैफिक रूल्स, सोशल मीडिया पर छाया छिंदवाड़ा सिंगिग कॉप.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 20, 2026 at 1:14 PM IST
छिंदवाड़ा: जैसे ही ट्रैफिक सिग्नल रेड होता है. उसी दौरान गाने की आवाज आती है और गाने में हेलमेट पहनने सहित यातायात के नियमों का पालन करने की समझाइश दी जाती है. यह कदम छिंदवाड़ा ट्रैफिक पुलिस द्वारा इसलिए उठाया गया है, ताकि लोग सुरक्षित अपने घरों तक पहुंच सकें. ऐसा काम कर रहे हैं छिंदवाड़ा के यातायात विभाग की नौकरी कर रहे एएसआई अशोक कुमार मर्सकोले जो लोगों के बीच काफी चर्चित हो रहे हैं.
गाना गाकर ट्रैफिक सिग्नल पर लोगों को समझा रहा ASI
शाम के करीब 6:00 से शहर के सबसे व्यस्त ट्रैफिक सिग्नल जेल तिराहा पर हर दिन ऐसा नजारा देखने को मिलता है, जहां पर लोग गाना सुनने के साथ-साथ ट्रैफिक रूल्स फॉलो करने का वादा करते हैं. यह वादा करवाते हैं ट्रैफिक पुलिस विभाग के एएसआई अशोक कुमार मर्सकोले. वे बाकायदा एक साउंड सिस्टम लेकर जैसे ही सिग्नल रेड होता है, वैसे ही अशोक कुमार गाना गाना शुरू कर देते हैं. साथ ही बाइक सवार और कार सवारों को भी गाने को कहते हैं. वहीं ट्रैफिक सिग्नल खुलने का इंताजर कर रहे लोग उनके साथ गाते और झूमते भी हैं. इस दौरान वे लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाते हैं.
कभी यमराज बनकर डराते तो कभी गुलाब देकर समझाते
अशोक कुमार मर्सकोले सिर्फ गाना गाकर लोगों को ट्रैफिक रूल्स को फॉलो करने के लिए समझाते भर नहीं है, बल्कि कभी भी यमराज की भूमिका में आकर लोगों को डारते भी हैं. साथ ही बताते हैं कि ट्रैफिक नियम न मानने पर आप लोग किस तरीके से यमराज के मेहमान बन सकते हैं. जरा सी गलती जानलेवा साबित हो सकती है. इतना ही नहीं जो लोग यातायात नियम का पालन करते हैं, उनको बाकायदा गुलाब के फूल देकर सम्मानित भी करते हैं.
- डांसिंग कॉप के जबरा फैन हुए आनंद महिंद्रा, ट्वीट कर लिखा-कोई काम बोरिंग नहीं
- बुरहानपुर की सड़क पर उतरे यमराज!, वाहन चालकों को दी खास टिप्स
बीमारी से कम, एक्सीडेंट में ज्यादा हो रही मौतें
एएसआई अशोक मर्सकोले ने बताया, "अस्पताल में होने वाली मौतों के आंकड़े आपको हैरान कर देंगे, क्योंकि यहां जितने लोग बीमारी से नहीं मरते हैं, उससे ज्यादा सड़क दुर्घटनाओं में लोग अपनी जान गवां रहे हैं. जरा सी लापरवाही लोगों की जिंदगी खत्म कर देती है. इसलिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है कि किसी भी तरीके से लोग यातायात नियमों का पालन करें और हेलमेट पहनकर दो पहिया वाहन चलाएं. कहा जाता है कि लोग डराने या धमकाने से नहीं बल्कि प्यार की भाषा समझते हैं, इसलिए अब उन्होंने लोगों को प्यार से संगीत के जरिए समझने का प्रयास शुरू किया है."

