ETV Bharat / state

छिंदवाड़ा के नेता लापता, कोई कमलनाथ को, तो कोई सांसद बंटी विवेक साहू को ढूंढ रहा

छिंदवाड़ा में नेताओं को ढूंढने की लगी होड़, कोई कमलनाथ की कर रहा तलाश, तो कोई सांसद बंटी विवेक साहू से लगा रहा फरियाद.

CHHINDWARA POSTER WAR
कमलनाथ के बाद अब सांसद बंटी विवेक साहू की तलाश (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 2, 2026 at 7:37 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा में जनप्रतिनिधियों को तलाश करने का अभियान जोरों से चल रहा है पहले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और छिंदवाड़ा विधायक कमलनाथ को खोजने का सिलसिला शुरू हुआ तो अब छिंदवाड़ा के सांसद बंटी विवेक साहू की ग्रामीण तलाश में जुट गए हैं. छिंदवाड़ा में पोस्टर वार की राजनीति अब तेज हो चली है.

कमलनाथ के बाद अब सांसद बंटी विवेक साहू की तलाश

कुछ दिन पहले छिंदवाड़ा विकासखंड के जैतपुरकला गांव में ग्रामीणों ने विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पोस्टर लगाकर लापता बताते हुए उनकी तलाशी शुरू की थी. कहा गया था कि जब से कमलनाथ चुनाव जीते हैं गांव में नहीं आए और गांव की जनता परेशान है. ऐसे में वह अपने जनप्रतिनिधि को तलाशने के लिए जुटे हैं. हालांकि उसके बाद कांग्रेस ने इसे भाजपा की ओछी राजनीति करार दिया था.

छिंदवाड़ा में नेताओं को ढूंढने की लगी होड़ (ETV Bharat)

एक बार फिर अब घोघरा गांव में सांसद बंटी विवेक साहू की तलाश के पोस्टर लेकर युवा निकले हैं. युवाओं का कहना है कि सांसद चुनाव के पहले कई बार यहां आए और कई वादे किए थे अब जनता परेशानी में हैं चुनाव जीतने के बाद सांसद ने आना भी मुनासिब नहीं समझा. सांसद विवेक बंटी साहू 14 दिनों की मैहर तक पदयात्रा निकाल रहे हैं. इस दौरान उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा जिले की सुख समृद्धि की कामना और बारिश की फरियाद लेकर माता रानी के दरबार में जा रहे हैं.

जनता पानी के लिए तरस रही सांसद निकल रहे यात्रा

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष गंगाप्रसाद तिवारी का कहना था कि "भले ही पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ छिंदवाड़ा में रहते नहीं हैं लेकिन उनका मन 24 घंटे यहीं रहता है. सारी सुविधाएं विधायक निधि से उन्होंने यहां उपलब्ध कराई है. इसके साथ ही उन्होंने पानी की समस्या को लेकर कहा कि देश के 6 बड़े उद्योगपतियों को उन्होंने टैंकर के लिए पत्र भी लिखा है जल्द ही टैंकर छिंदवाड़ा में वितरित हो जाएंगे. स्थानीय सांसद बंटी विवेक साहू को यहां रहना था लेकिन जब जनता परेशानी में है तो वह यात्रा निकाल रहे हैं."

Chhindwara Poster War
कमलनाथ लापता के पोस्टर (ETV Bharat)

गंगाप्रसाद तिवारी ने कहा कि "धार्मिक यात्रा का कांग्रेस विरोध नहीं करती लेकिन समय ऐसा है कि जनप्रतिनिधि को पहले जनता की समस्याओं को देखना चाहिए. सांसद बंटी विवेक साहू अपने आप को सक्रिय बताते हैं हर मुद्दे में बहुत ज्यादा बोलते हैं, लेकिन जब राम मंदिर में चंदा चोरी की बात आई है मुख्यमंत्री मोहन यादव के द्वारा जमीन घोटाले की बात आई है तो इन मामलों में सांसद क्यों चुप हैं उन्हें जनता को बताना चाहिए की कमलनाथ सरकार के दौरान जो भी काम स्वीकृत हुए थे वह बंद क्यों कर दिए गए."

ये भी पढ़ें:

पिकनिक मनाने छिंदवाड़ा आता है नाथ परिवार

भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी संदीप सिंह चौहान का कहना है कि "छिंदवाड़ा की जनता ने 45 सालों तक कमलनाथ और उनके परिवार को अपना वोट देकर चुनाव जिताया है. ऐसे समय में जब परेशानी आ रही है तो कमलनाथ उद्योगपतियों को लेटर लिखकर टैंकर की मांग कर रहे हैं जबकि वे खुद इतने बड़े उद्योगपति हैं कि अपने खर्चे से टैंकर वितरित कर सकते हैं. इसके साथ ही उन्हें जनता के बीच में होना चाहिए लेकिन वे दुबई में जाकर बैठे हैं और जब जरूरत होती है तो पिकनिक मनाने के लिए छिंदवाड़ा आ जाते हैं."