अचानक आदिवासी नेताओं को सीएम हाउस से आया बुलावा, छिंदवाड़ा के दो नेताओं ने लगाई दौड़
छिंदवाड़ा के निगम महापौर सहित अमरवाड़ा विधायक पहुंचे भोपाल, जनजातीय हितेषी संवाद कार्यक्रम में हुए शामिल, ट्राइबल हॉस्टल के सुधार पर भी चर्चा. महेंद्र राय की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 25, 2026 at 7:05 AM IST
छिंदवाड़ा: सीएम हाउस भोपाल में जनजातीय हितेषी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में छिंदवाड़ा नगर निगम के महापौर विक्रम आहके और अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह भी पहुंचे. जहां उन्होंने मुख्यमंत्री से चर्चा कर जनजातीय समूह के उत्थान से लेकर उनके लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और उस पर किए जा रहे अमल को लेकर चर्चा की.
प्रदेश के 40 आदिवासी नेता और जनप्रतिनिधियों से CM ने की मुलाकात
छिंदवाड़ा नगर निगम के महापौर विक्रम आहके ने बताया कि "मुख्यमंत्री निवास भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय 'जनजातीय हितैषी संवाद कार्यक्रम' में मध्य प्रदेश के चुनिंदा लगभग 40 प्रमुख जनजातीय नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था. संवाद कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन व जनजातीय युवाओं के सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए.

ट्राइबल हॉस्टलों की स्थिति सुधारने का सुझाव
महापौर विक्रम आहके ने बताया कि उन्होंने जनजातीय छात्रावासों की व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए कहा. साथ ही सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से सरकारी योजनाओं को पब्लिक तक पहुंचाने व जनजातीय संस्कृति एवं अधिकारों के संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री के सामने सुझाव रखे. महापौर आहके ने संवाद कार्यक्रम पर कहा कि राज्य सरकार जनजातीय वर्ग के उत्थान एवं कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है. इस प्रकार के उच्च स्तरीय संवाद कार्यक्रमों से मैदानी स्तर की आवश्यकताओं और सुझावों को सीधे सरकार तक पहुंचाने का मौका मिलता है."
- मध्य प्रदेश में SC ST हॉस्टल्स बदहाल! वार्डन को लेकर धार से लेकर छिंदवाड़ा तक छात्राओं का प्रदर्शन
- सरकारी हॉस्टल में खाने को तरसते बच्चे, खाली पेट कैसे लगेगा पढ़ाई में मन, आंदोलन को मजबूर
सीएम के साथ विधायक और महापौर का हुआ डिनर
छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह और महापौर विक्रम आहके मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री के साथ डिनर में भी शामिल हुए. विधायक कमलेश प्रताप शाह ने बताया कि "मध्य प्रदेश की सरकार आदिवासियों के उत्थान के लिए कई योजनाएं लेकर काम कर रही है. योजनाएं धरातल पर पूरी तरह सफल हो और हर आदिवासियों को उनका अधिकार और योजनाओं का लाभ मिल सके, इसके लिए सरकार विशेष ध्यान दे रही है. खुद मुख्यमंत्री इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं. इसके तहत उन्हें मुख्यमंत्री हाउस में बुलाया गया था और एक-एक योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई है."

