एक साल पहले लव मैरिज, पति ने लाठी-डंडों से गर्भवती को पीटा, लिवर फटने से पत्नी-अजन्मे बच्चे की मौत
छिंदवाड़ा में युवक ने गर्भवती पत्नी पर बरपाया कहर, इतना पीटा की फट गया लिवर, महिला और बच्चे की गई जान.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : September 3, 2026 at 9:08 AM IST
छिंदवाड़ा: निहाल ने सोनिया को जिंदगी भर खुश रखकर सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा किया था. सोनिया ने निहाल की बातों में आकर अपने मम्मी पापा का घर छोड़कर लव मैरिज कर ली. लेकिन शादी के 8 महीने के बाद ही उसने सोनिया पर इस कदर कहर बरपाया कि पत्नी की मौत के साथ-साथ उसके पेट में पल रहे 8 महीने के अजन्मे बच्चे की मौत हो गई.
पिटाई से 8 महीने की गर्भवती पत्नी की लीवर फटने से मौत
कुंडीपुरा थाना के पातालेश्वर में एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक निर्दयी पति ने अपनी 8 माह की गर्भवती पत्नी से इतनी मारपीट की जिससे जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई. फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को राउंडअप कर लिया है. कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने बताया कि, ''मृतिका सोनिया ने निहाल करोसिया के साथ एक साल पहले लव मैरिज की थी. जिसके बाद से ही दोनों के बीच वाद विवाद होते रहते थे. मंगलवार देर रात निहाल ने उसके साथ किसी बात को लेकर मारपीट की, जिसके कारण वह बदहवास हो गई. जिला अस्पताल में उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया था जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया."

- इतना गुस्सा! कॉलोनी का गेट नहीं खोलने पर गार्ड पर चढ़ाई कार, हत्या का आरोपी गिरफ्तार
- पसंद के लड़के से करना चाहती थी शादी, मां और मामा ने हमेशा के लिए खामोश कर दिया
- सिर्फ मोबाइल फोन की CDR के आधार पर नहीं दी जा सकती सजा, हाईकोर्ट ने रद्द की उम्रकैद की सजा
पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज
कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने बताया कि, ''शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि महिला 8 महीने की गर्भवती थी. उसके पति ने उसे लाठी डंडों से इतना मारा कि उसका लीवर फट गया, जिसकी वजह से गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई है. मामले में दहेज प्रताड़ना की भी बात सामने आ रही है. फिलहाल पति को हिरासत में लिया गया है. पूछताछ की जा रही है. इस मामले में जितने भी आरोपी होंगे उन्हें भी हिरासत में लिया जाएगा.''

सिवनी की रहने वाली थी सोनिया
सोनिया के पिता ने बताया कि, वो सिवनी के जमुनिया के रहने वाले हैं. उनकी बेटी अपने नाना के घर छुट्टियां बिताने आई थी. इसी दौरान निहाल से उसकी दोस्ती हुई. धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई. उसके बाद एक साल पहले उनकी बेटी ने निहाल के साथ छिंदवाड़ा में ही लव मैरिज कर ली थी. लेकिन शादी के कुछ महीने बाद से ही दोनों के बीच मामूली से मामूली बातों को लेकर झगड़े शुरू हो गए. आखिर में मंगलवार रात दोनों के प्रेम कहानी एक की मौत के बाद खत्म हुई.''

