मक्के की भेल, महुआ की पूरी और कुटकी का भात, मिलेट्स फूड फेस्टिवल में मिल रहा गजब का स्वाद
छिंदवाड़ा में तीन दिवसीय कृषि मेला और मिलेट फूड फेस्टिवल, देसी व्यंजनों की धूम, कृषि उत्पादों की लगी एग्जिबिशन, देशभर से कई कृषि वैज्ञानिक पहुंचे.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 2:29 PM IST
रिपोर्ट: महेंद्र राय
छिंदवाड़ा: महुआ की पूरी, सांवा का भात, लहसुन की चटनी के साथ ज्वार, बाजरा और रागी की रोटी का लुत्फ उठाना है तो छिंदवाड़ा के दशहरा मैदान में फटाफट चले आइए. दशहरा मैदान छिंदवाड़ा में मिलेट फूड फेस्टिवल लगाया गया है जो 3 दिनों तक चलेगा.
मिलेट्स मेला में देसी खाने की धूम, 30 से ज्यादा डिश
कृषि उपसंचालक जितेंद्र सिंह ने बताया कि मेले में जिले के एफपीओ, स्व-सहायता समूह, एनजीओ एवं निजी संस्थाओं द्वारा 30 से अधिक फूड स्टॉल लगाए गए हैं. प्रमुख रूप से पातालकोट की रसोई एवं वनभोज की रसोई द्वारा मक्के की रोटी, टमाटर की चटनी, बैंगन भर्ता, कुटकी चावल, मिलेट्स चीला, डोसा, रागी सूप, मक्के की भेल, कुटकी की खीर, महुआ की पूड़ी, मक्के का खूद, महेरी, लड्डू, मकर संक्रांति विशेष मिठाइयां एवं बाजरे की खिचड़ी जैसी देशी डिश मिल रही है.
तीन दिनों तक मिलेट्स मेले के साथ-साथ वर्कशॉप भी लगाई जा रही है. इसमें प्रदेश और देश के कई कृषि वैज्ञानिक पहुंचे हैं. साथ ही तकनीकी मिलेट्स गैलरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी है. मेले में तकनीकी मिलेट्स गैलरी बनाई गई है, जिसमें युवाओं एवं शहरवासियों को मिलेट्स के पोषण महत्व से अवगत कराया जा रहा है. तीन दिनों के आयोजन के दौरान आदिवासी अंचलों की संस्कृति को लोकगीत एवं लोकनृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है. जागरूकता रैली के माध्यम से मिलेट्स रोड शो का भी आयोजन किया गया. साथ ही ऑरेंज फेस्टिवल का भी आयोजन किया गया है.
कृषि उत्पादों का लगा एग्जिबिशन
मेला में कृषि विभाग द्वारा मिलेट्स एवं जैविक प्राकृतिक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है. वन विभाग द्वारा 'वन भोज रसोई' के माध्यम से मिलेट्स व्यंजन प्रस्तुत किये जा रहे हैं. उद्यानिकी विभाग द्वारा फ्लावर शो, टेरेस गार्डनिंग एवं प्रदर्शनी आयोजित की गई है. पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा दुग्ध उत्पाद, शुद्ध नेचुरल घी एवं मिल्क के स्टॉल लगाए गए हैं.

ये भी पढ़ें:
- घी-काजू की डाइट से बैलों की बुलेट ट्रेन जैसी रफ्तार, VIP दर्शकों को कर दिया हक्का बक्का
- पातालकोट में ओपन थिएटर का मजा, मांदर की थाप पर कर्मा शैला नाच, छुट्टियों का बेस्ट डेस्टिनेशन
एनआरएलएम समूहों द्वारा जैविक उत्पाद, मिलेट्स व्यंजन, जैविक गुलाल, गो-कास्ट उत्पाद एवं टेराकोटा सामग्री विक्रय के लिए उपलब्ध कराई गई है. नगर पालिक निगम द्वारा 'वेस्ट टू बेस्ट' थीम पर स्टॉल लगाये गये हैं. जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय एवं कृषि विज्ञान केन्द्र चंदनगांव देलाखारी द्वारा मिलेट्स आधारित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है. इसके अलावा नरसिंहपुर-गाडरवाड़ा की प्रसिद्ध तुअर दाल एवं जैविक गुड़ तथा मंडला जिले की प्रसिद्ध गोंड पेंटिंग को भी मेले में प्रदर्शित किया गया है.

